पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन पर सीएम हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, बोले- यह झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति

रांची, 19 सितंबर . झारखंड की पूर्व विधायक एवं मंत्री विमला प्रधान का शुक्रवार रात्रि करीब 8:40 बजे रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में निधन हो गया.

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व मंत्री दिवंगत विमला प्रधान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री शनिवार को रांची के लोअर करमटोली, रोड नंबर-2 स्थित उनके आवास पर पहुंचे.

वहां उन्होंने पूर्व मंत्री स्वर्गीय विमला प्रधान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और उन्हें नमन किया. मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में जगह दें और दुखी परिवार, समर्थकों और चाहने वालों को इस बड़े दुख को सहने की शक्ति और हिम्मत दें.

मुख्यमंत्री ने शोक में डूबे परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने अपनी गहरी संवेदना जताई और परिवार को ढांढस बंधाया.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन की खबर बेहद दुखद है. सार्वजनिक जीवन में विमला प्रधान का योगदान और जनता के लिए उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा.

सीएम सोरेन ने कहा कि विमला प्रधान ने सिमडेगा के साथ-साथ पूरे झारखंड के विकास के लिए लंबे समय तक सक्रिय रूप से काम किया. उनका इस तरह अचानक चले जाना राज्य की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान समाज के हर वर्ग और हर समुदाय के भले के लिए हमेशा तैयार रहने वाली एक जागरूक और मेहनती नेता थीं.

बता दें कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं. रांची के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज हो रहा था. शुक्रवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली.

उनके निधन से सिमडेगा समेत पूरे राज्य में शोक की लहर है. राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई लोगों ने उनके निधन पर दुख जताया है.

–

वीकेयू/एएस