
ठाणे, 19 सितंबर . मुंबई से सटे ठाणे में पुलिस ने कथित तौर पर भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के पासपोर्ट हासिल करने के मामले में एक शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. ठाणे के हिललाइन पुलिस स्टेशन में चांद अली अब्दुल रशीद सैयद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी साल 2009 में भारतीय पासपोर्ट के जरिए अपने रिश्तेदारों से मिलने पाकिस्तान गया था. आरोप है कि इसके बाद उसने अपनी भारतीय नागरिकता की जानकारी छिपाई और कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पाकिस्तानी पासपोर्ट हासिल कर लिया.
पुलिस का आरोप है कि पाकिस्तानी पासपोर्ट हासिल करने के बाद आरोपी उसी पासपोर्ट के जरिए भारत में दाखिल हुआ.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने साल 2024 में अपने पुराने भारतीय पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी कथित तौर पर छिपाकर दोबारा भारतीय पासपोर्ट बनवाया.
मामला उस समय सामने आया, जब मुंबई क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को आरोपी के दस्तावेजों और नागरिकता से संबंधित जानकारी पर संदेह हुआ. इसके बाद की गई जांच में आरोपी के पास पाकिस्तानी पासपोर्ट होने की जानकारी सामने आई.
ठाणे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब मामले की जांच कर रही हैं. आरोपी ने कथित तौर पर दोनों देशों के पासपोर्ट किन परिस्थितियों और किस मकसद से हासिल किए, इसकी जांच की जा रही है. इसके अलावा इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.
–
एएमटी/डीकेपी