
पटना, 20 सितंबर . बिहार की राजधानी पटना में रविवार को सियासी सरगर्मी तेज रही और कई महत्वपूर्ण राजनीतिक बयान सामने आए. दरअसल, एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंच से एक बुजुर्ग महिला को कुर्सी देने के आग्रह का कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में मजाक उड़ाया गया. इस घटना को लेकर एनडीए ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है.
जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा, “जैसे संस्कार होते हैं, वैसी ही भाषा होती है. मैं राहुल गांधी का बहुत सम्मान करता हूं, लेकिन जिस तरह से वह शब्दों का चयन कर रहे हैं. उससे गंभीर समझ की कमी दिखती है. उन्होंने न केवल देश के प्रधानमंत्री का अपमान किया है, बल्कि उनकी मां का अपमान करना दिखाता है कि उनका संस्कार और मूल्यों से कोई लेना-देना नहीं है. राहुल गांधी का ज्ञान हर मामले में निम्न स्तर का है.”
वहीं, जदयू विधायक अनंत सिंह और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता व एमएलसी नीरज कुमार के बीच मतभेद की खबरों पर श्याम रजक ने कहा कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र है. उन्होंने कहा, “मैं आपको दो बातें बताना चाहता हूं. हमारी पार्टी आंतरिक लोकतंत्र की सबसे मजबूत समर्थकों में से एक है और यहां अभिव्यक्ति की आजादी है. लेकिन इसके बावजूद हमारे नेता जो भी फैसला लेते हैं, सभी लोग उस फैसले को पूरे दिल से स्वीकार करते हैं. इसलिए हमारे नेता ने तय किया है कि नीरज कुमार समेत सभी एनडीए उम्मीदवार भारी अंतर से जीते, और हमारे सभी लोग इसी दिशा में काम कर रहे हैं. अगर कुछ लोग अपनी व्यक्तिगत राय व्यक्त कर रहे हैं, तो वह हमारी अभिव्यक्ति की आजादी का ही नतीजा है.”
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक कार्यक्रम के दौरान मंच से एक बुजुर्ग माता को कुर्सी देने के लिए कहने वाले बयान का कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के मंच से मजाक उड़ाए जाने की घटना पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने भी कांग्रेस पर हमला बोला.
उन्होंने से कहा, “राजनीति में एक बुनियादी मर्यादा, मूल्य और शालीनता होती है. लेकिन राहुल गांधी की मौजूदगी में और यह पहली बार नहीं हो रहा है, हमें बिहार विधानसभा चुनाव याद है. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान एक जनसभा में कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में और कांग्रेस पार्टी के मंच से प्रधानमंत्री की दिवंगत मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया था. यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है. यह कांग्रेस पार्टी के महिला विरोधी, पिछड़ा विरोधी और गरीब विरोधी चरित्र को दर्शाता है.”
नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने पर गुरु प्रकाश ने कहा, “मामला विचाराधीन है, यह न्यायिक प्रक्रिया में है और अदालत के सामने है. हमें पूरा भरोसा है और देश की न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा विश्वास है. जब न्यायिक प्रक्रिया पूरी होगी तो सच्चाई सामने आएगी और न्याय होगा.”
–
वीकेयू/एएस