
नई दिल्ली, 21 सितंबर . भारत-न्यूजीलैंड एफटीए (फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) डील के लागू होने की तारीख बता दी गई है. अगले महीने 20 तारीख यानी विजयदशमी के दिन से इसे लागू कर दिया जाएगा. न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्जन ने इस पर काफी खुशी जताई है.
उन्होंने एक्स पोस्ट के जरिए अपनी प्रसन्नता साझा की. उन्होंने इस डील को एक उपलब्धि के तौर पर बयां किया. एक्स पर लिखा, “लगभग तीन साल पहले, मैंने वादा किया था कि अगर हमारी पार्टी (नेशनल) चुनी जाती है, तो हम अपने पहले कार्यकाल में ही भारत के साथ एक फ्री ट्रेड डील (मुक्त व्यापार समझौता) करेंगे. और आज, हमने उस डील को फाइनल कर लिया है, जो अगले महीने से लागू हो जाएगी.”
उत्साहित लक्सन ने आगे कहा, “यह सोचना रोमांचक है कि इस एफटीए (मुक्त व्यापार समझौते) की वजह से कितने बिजनेस बढ़ेंगे, और फिर यह सोचना कि इसका उन बिजनेस, उनमें काम करने वाले लोगों और पूरे देश के लिए क्या मतलब होगा.”
न्यूजीलैंड के पीएम ने उम्मीद जताई कि डील के लागू होने से एक्सपोर्टर्स के लिए ज्यादा अवसर उपलब्ध होंगे, बिजनेस तेजी से बढ़ेंगे, और न्यूजीलैंड में ज्यादा रोजगार और आमदनी के मौके लोगों को मिलेंगे.
बता दें, भारत-न्यूजीलैंड एफटीए (फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) 20 अक्टूबर यानी विजयदशमी (दशहरा) पर लागू होने जा रहा है. इसकी जानकारी केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की ओर से सोमवार को दी गई.
इस एफटीए को दोनों देशों की जीत बताते हुए गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि भारत-न्यूजीलैंड एफटीए विजयदशमी के मौके पर 20 अक्टूबर 2026 को लागू होगा.
इससे पहले, गोयल ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि यह समझौता केवल वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कई नए क्षेत्रों में अपार संभावनाएं खुलेंगी. इस समझौते के तहत भारत से न्यूजीलैंड जाने वाले अधिकांश उत्पादों पर अब शून्य (जीरो) शुल्क लगेगा, जिससे भारतीय निर्यात को बड़ा बढ़ावा मिलेगा.
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि इस समझौते के जरिए न्यूजीलैंड का बाजार भारत के लिए लगभग 140 सेवा क्षेत्रों में खुल गया है. इसके अलावा शिक्षा, खेल, संस्कृति, कृषि उत्पादकता और तकनीकी सहयोग जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी को बढ़ावा मिलेगा.
वहीं, बीते हफ्ते के साथ एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा था कि भारत और न्यूजीलैंड एफटीए अगले एक महीने के भीतर लागू होने की उम्मीद है.
मंत्री ने इस समझौते को न्यूजीलैंड और भारत द्वारा किए गए सबसे अच्छे व्यापार समझौतों में से एक बताया और कहा कि इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को काफी बढ़ावा मिल सकता है.
उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने की प्रतिबद्धता जताई है.
मैक्ले ने कहा, “मुझे लगता है कि अब यह लक्ष्य हासिल करना पूरी तरह संभव है.”
–
केआर/