एशियन गेम्स: सॉफ्ट टेनिस में पहला पदक जीतने वाले जय मीणा को पीएम मोदी, योगी आदित्यनाथ, मांडविया और रिजिजू ने दी बधाई

नई दिल्ली, 23 सितंबर . जापान के आइची-नागोया में हो रहे एशियन गेम्स 2026 में बुधवार का दिन भारत के लिए रोमांचक रहा है. जय मीणा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के सॉफ्ट टेनिस में देश के लिए पहला पदक जीता. मीणा ने कांस्य पदक जीता. उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बधाई दी है.

पीएमओ ने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पीएम मोदी के हवाले से लिखा, “इंडियन सॉफ्ट टेनिस के लिए एक ऐतिहासिक कामयाबी. पुरुष व्यक्तिगत इवेंट में कांस्य पदक जीतने और सॉफ्ट टेनिस में भारत के पहले एशियन गेम्स मेडलिस्ट बनने पर जय मीना को बधाई. उनकी यह कामयाबी भारत में इस खेल के लिए एक यादगार नया अध्याय है. उम्मीद है कि यह मेडल और भी युवाओं को सॉफ्ट टेनिस खेलने और बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगा. आगे के सफर के लिए उन्हें शुभकामनाएं.”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, भारत के लिए एक ऐतिहासिक कांस्य पदक. एशियन गेम्स 2026 में पुरुष एकल सॉफ्ट टेनिस में कांस्य पदक जीतने पर जय मीणा को बहुत-बहुत बधाई. आपने सॉफ्ट टेनिस में भारत के लिए पहला एशियन गेम्स पदक जीतकर इतिहास रच दिया है. देश के लिए गर्व का पल. यह ऐतिहासिक कामयाबी और भी कई जीतों के लिए प्रेरणा बने. जय हिंद.

खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने एक्स पर लिखा, “एशियन गेम्स 2026 में पुरुष एकल सॉफ्ट टेनिस इवेंट में पहला कांस्य पदक जीतने पर जय मीणा को बहुत-बहुत बधाई.”

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर लिखा, भारतीय खेलों में एक नया अध्याय. एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के एकल सॉफ्ट टेनिस इवेंट में कांस्य पदक जीतने पर जय मीणा को बहुत-बहुत बधाई. इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ, जय ने सॉफ्ट टेनिस में भारत के लिए पहला एशियन गेम्स पदक जीता है. जय और भारतीय सॉफ्ट टेनिस के लिए एक अहम पल. उन्हें आगे और भी सफलताओं की शुभकामनाएं.”

सेमीफाइनल में मीणा को जापान के ताकुया कुरोसाका से 2-4 से हार का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद कांस्य पदक जीत उन्होंने भारत के लिए ऐतिहासिक सफलता हासिल की.

–

पीएके