भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय को मुख्यमंत्रियों ने जयंती पर किया नमन

नई दिल्ली, 25 सितंबर . भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी है.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, “एकात्म मानववाद एवं ‘अंत्योदय’ के प्रणेता, प्रखर राष्ट्रचिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि. उन्होंने भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर आधारित विकास की ऐसी अवधारणा प्रस्तुत की, जिसमें समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई. उनका चिंतन आज भी समावेशी, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण का प्रेरणास्रोत है.”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा, “भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता, प्रखर राष्ट्रचिंतक श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर सादर नमन. पंडित जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र साधना और भारत की सांस्कृतिक चेतना को समर्पित रहा. समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को राष्ट्र की प्रगति का आधार मानने वाला उनका चिंतन आज भी जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है. उनका ध्येयनिष्ठ जीवन, संगठन साधना और राष्ट्र प्रथम का भाव सदैव हमारा पथ आलोकित करता रहेगा.”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पोस्ट में कहा, “प्रखर राष्ट्रचिंतक, कुशल संगठनकर्ता, दूरदर्शी विचारक एवं अंत्योदय के संवाहक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन! पंडित दीनदयाल का अंत्योदय का विचार आज भी जनकल्याण की हमारी सोच का आधार है. उनके विचारों से प्रेरणा लेकर हमारी सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने, उसे आत्मनिर्भर बनाने और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, “भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य एवं हमारे प्रेरणास्रोत श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर सादर नमन करता हूं. उनका अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद का दर्शन आज भी समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है. उनके राष्ट्रसेवा एवं जनकल्याण के विचारों से प्रेरणा लेते हुए हम समावेशी विकास के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहे हैं.”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, “अपना संपूर्ण जीवन समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान को समर्पित करने वाले एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं राष्ट्रसेवा के महान साधक पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर कोटिशः नमन. आपके विचारों से प्रेरणा लेते हुए हमारी सरकार भी समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तत्परता से कार्य कर रही है. आपके विचार हमें सदैव लोक कल्याण एवं समावेशी विकास की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे.”

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट किया, “राष्ट्रसेवा, अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर कोटि-कोटि नमन. उनके राष्ट्रहित, मानव कल्याण और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के विचार आज भी जनसेवा की दिशा में मार्गदर्शक हैं.”

–

ओपी/एएस