महाराष्ट्र-गुजरात में धूमधाम से हो रहा गणपति विसर्जन, ढोल-ताशों के साथ निकले विशाल जुलूस

नई दिल्ली, 25 सितंबर . महाराष्ट्र, गुजरात और तेलंगाना समेत देश के विभिन्न हिस्सों में कड़ी सुरक्षा के बीच गणपति की मूर्तियों का विसर्जन विशाल जुलूस के साथ कर रहे हैं. भक्तों की भारी भीड़, ढोल-ताशे की थाप और गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच मुंबई के बोरीवली पूर्व से गोराई की ओर 25 फुट का उपनगरचा राजा गणपति विसर्जन जुलूस शुरू हो गया है.

मुंबई में बड़े धूमधाम के साथ लाखों श्रद्धालु भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन कर रहे हैं. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्नी अमृता फडणवीस और परिवार के साथ सीएम आवास पर गणपति की आरती की. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, पंकजा मुंडे और कई अन्य नेता भी मौजूद थे.

गिरगांव चौपाटी पर गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. मुंबई पुलिस और बीएमसी की टीमें तैनात की गई हैं. शुक्रवार सुबह से ही भक्त ढोल-नगाड़ों और जश्न के माहौल में प्रतिमाएं लेकर वहां पहुंचने लगे हैं. ठाणे में मंत्री प्रताप सरनाईक ने से कहा, “पिछले 11 दिनों से मुंबई और ठाणे में हमारे सभी गणेश भक्त गणेश उत्सव मना रहे हैं. आज गणेश विसर्जन का दिन है और विसर्जन पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ किया जाएगा.”

पूजा और आरती के बाद भक्तों ने नागपुर के ‘राजा गणेश’ की मूर्ति को भावुक विदाई दी. ढोल-ताशे की थाप और “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों के बीच विसर्जन जुलूस आगे बढ़ा.

पुणे में बड़े धूमधाम से गणपति को विदाई दी जा रही है. पुणे में महात्मा फुले मंडई से गणपति की पांच प्रमुख मूर्तियों की विसर्जन यात्रा शुरू हुई. मंडई चौक पर मेयर मंजूषा नागपुरे, मंत्री चंद्रकांत पाटिल, मंत्री माधुरी मिसल, केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल और डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने पूजा-अर्चना की. पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने कहा, “गणेश विसर्जन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. नंदुरबार में 12 दिनों के भक्ति-भाव के बाद ‘दादा-बाबा गणपति’ विसर्जन जुलूस शुरू होने के साथ ही 140 साल पुरानी परंपरा जारी है. इसमें करीब 228 गणेश मंडल हिस्सा लेंगे और सुरक्षा के लिए पुलिस के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं.

गुजरात के सूरत में अनंत चतुर्दशी के मौके पर भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन जारी है. भक्तों ने एक लाख से ज्यादा सार्वजनिक पंडालों और घरों में स्थापित मूर्तियों को विदाई दी. सूरत पुलिस ने विसर्जन की प्रक्रिया के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर करणराज सिंह वाघेला ने कहा, “पिछले दो महीनों से गणपति के आगमन के लिए पुलिस की व्यवस्था लगातार जारी है और गणपति उत्सव के 10 दिनों के दौरान हर जगह पुलिस की मौजूदगी बनी रही. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सभी गणपति पंडालों का दौरा किया. साथ ही, सभी प्रमुख गणपति पंडालों पर 24/7 पुलिस की तैनाती की गई थी. सभी गणपति पंडालों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के ज़रिए भी की जा रही थी.”

वाघेला ने कहा, “सूरत शहर की पुलिस और प्रशासन ने मिलकर 21 कृत्रिम तालाब तैयार किए हैं और हमारे तीन प्राकृतिक जलाशयों में भी विसर्जन होगा. सूरत शहर में अलग-अलग रास्तों से गणपति प्रतिमाओं का आगमन शुरू हो गया है और बहुत ही शांतिपूर्ण माहौल में धार्मिक उत्साह और जोश के साथ विसर्जन प्रक्रिया संपन्न हो रही है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ होम गार्ड और ट्रैफिक ब्रिगेड के जवानों को अलग-अलग जगहों और सभी रास्तों पर तैनात किया गया है ताकि विसर्जन के दौरान लोगों को कोई परेशानी न हो.”

–

ओपी/पीएम