
चंडीगढ़, 26 सितंबर . पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान की सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है, यहां तक कि रक्षक भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में कोई भी सुरक्षित नहीं है. आम लोगों की तो बात ही छोड़िए, खुद पुलिस वाले भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
उन्होंने दावा किया कि पुलिस मुख्यालय और सरकार की ओर से जारी एक एडवाइजरी में पुलिस अधिकारियों को अकेले पुलिस स्टेशन से निकलने, यात्रा के दौरान वर्दी न पहनने, साथ में जवान रखने, हथियार लेकर चलने और दोपहिया वाहनों से यात्रा करने से बचने जैसी बातें कही गई हैं. अगर कानून-व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मी ही असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध और एसआईआर से जुड़े विवाद पर सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में कंप्यूटर प्रणाली के जरिए करीब 22.70 लाख आपत्तियां दर्ज की गई थीं. इनमें नाम, जन्मतिथि या माता-पिता की उम्र से जुड़ी विसंगतियां शामिल थीं और करीब 99 प्रतिशत मामलों को अधिकारियों ने निपटा दिया. करीब 20.66 लाख मतदाता ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए थे. उन्होंने कुल मतदाताओं की संख्या करीब 2.14 करोड़ बताते हुए विपक्ष से सवाल किया कि हटाए गए नामों को लेकर कितनी आपत्तियां दर्ज कराई गईं.
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बयान को लेकर जाखड़ ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि अमरिंदर सिंह ने किस संदर्भ में क्या कहा है, लेकिन वह उन्हें अपना नेता मानते हैं.
जाखड़ ने कहा कि मैं असल में राजनीतिक जुड़ाव से हटकर भी उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं. मेरा मानना है कि उन्हें किसी तरह की स्वीकृति की जरूरत नहीं है. उनका अपना कद है और न सिर्फ पंजाब में, बल्कि पूरे भारत में उनकी अपनी पहचान है.
–
डीकेएम/वीसी