रांची से अगवा चार वर्षीय मासूम साहिबगंज से सकुशल बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

रांची, 27 सितंबर . रांची के रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 24 सितंबर को अगवा किए गए चार वर्षीय बच्चे को पुलिस ने करीब 48 घंटे के भीतर साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ इलाके से सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में पुलिस ने धनबाद और साहिबगंज में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला अंतर-जिला अपहरण गिरोह से जुड़ा सामने आया है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और बच्चे के अपहरण के पीछे के उद्देश्य का पता लगाने में जुटी है.

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह बच्चा रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर अपनी मां के साथ था. इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया. परिजनों ने काफी तलाश के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया.

पुलिस टीम ने बच्चे की तलाश के लिए स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया. जांच के दौरान बच्चे को रांची से बाहर ले जाने के संकेत मिले. इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों की पहचान कर दूसरे जिलों की पुलिस से समन्वय स्थापित किया. जांच के क्रम में 26 सितंबर की देर रात पुलिस टीम को पहली महत्वपूर्ण सफलता धनबाद में मिली.

धनबाद रेलवे स्टेशन के आसपास से एक संदिग्ध आरोपी को पकड़ा गया. उससे पूछताछ और मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने साहिबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ इलाके में कार्रवाई की. तीनपहाड़ में घेराबंदी कर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इसी दौरान पुलिस ने बच्चे को भी बरामद कर लिया. पुलिस के अनुसार, बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस अब गिरफ्तार पांचों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चे का अपहरण किस उद्देश्य से किया गया था और इस मामले में गिरोह के और कितने लोग शामिल हैं. पुलिस आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और दूसरे जिलों में उनकी गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है.

–

एसएनसी/पीएम