मुंबई : पब्लिक टॉयलेट में केमिकल की बदबू से दो लोगों की मौत

मुंबई, 27 सितंबर . मुंबई में एक पब्लिक टॉयलेट के अंदर केमिकल की तेज बदबू से दम घुटने के कारण दो लोगों की मौत हो गई. यह घटना पारसी पंचायत गेट के सामने मृणालताई ब्रिज के पास राम मंदिर पूर्व इलाके में हुई.

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 27 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे रिपोर्ट की गई थी. यह घटना पारसी पंचायत गेट के सामने, मृणालताई ब्रिज के पास स्थित पब्लिक टॉयलेट में हुई. स्थानीय लोगों ने बताया कि टॉयलेट के अंदर से केमिकल जैसी तेज गंध आ रही थी, जिससे दो लोगों का दम घुट गया.

घटना की सूचना एक नागरिक द्वारा दी गई थी. सूचना मिलते ही कई एजेंसियां मौके पर पहुंचीं. बीएमसी की मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी), पुलिस, 108 एंबुलेंस, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) और बीएमसी के वार्ड स्टाफ को मौके पर भेजा गया.

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों लोग टॉयलेट के अंदर केमिकल की बदबू के कारण बेहोश हो गए थे. उन्हें तुरंत ट्रॉमा केयर अस्पताल भेजा गया.

ट्रॉमा केयर अस्पताल के डॉक्टरों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों लोगों को अस्पताल लाया गया था. डॉक्टर ने बताया कि शनिवार रात 3:49 बजे दोनों को मृत घोषित कर दिया गया. मृतकों की पहचान 24 वर्षीय प्रभाकर धनिवार और 18 वर्षीय भाविन देसाई के रूप में हुई है. डॉक्टर ने पुष्टि की है कि दोनों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था.

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि टॉयलेट के अंदर कौन सा केमिकल था और वह वहां कैसे पहुंचा. क्या यह किसी लीकेज की वजह से हुआ या किसी और कारण से, इसकी जांच की जा रही है.

पुलिस और एमपीसीबी की टीम मामले की जांच कर रही है. पब्लिक टॉयलेट को फिलहाल बंद कर दिया गया है और वहां से सैंपल लिए जा रहे हैं. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने कहा है कि आगे की जानकारी जांच के बाद दी जाएगी.

–

वीकेयू/पीएम