पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में किया ‘हर घर मुनगा’ अभियान का जिक्र, धमतरी में लोगों ने की सराहना

धमतरी, 27 सितंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर घर मुनगा’ अभियान का जिक्र किया. यह पहल परिवारों को ‘पोषण माह’ के दौरान अपनी डाइट में मुंगा (यानी मोरिंगा) को शामिल करने के लिए प्रोत्साहित करती है.

धमतरी के स्थानीय लोगों ने पीएम मोदी के ‘हर घर मुनगा-घर घर मुनगा’ अभियान की प्रशंसा की और मुनगा को आसानी से उपलब्ध होने वाला औषधीय पौधा बताया है.

स्थानीय निवासी दुर्गेश कुमार यादव ने समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान कहा, “मुनगा (या मोरिंगा) छत्तीसगढ़ में बहुत लोकप्रिय सब्जी है और प्राचीन काल से ही हमारी संस्कृति का पारंपरिक हिस्सा रही है. मुनगा के इस्तेमाल का चलन हमारे दादा-दादी और पूर्वजों के समय से चला आ रहा है, जब लगभग हर घर में मुनगा का पेड़ लगाया जाता था.

उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक और औषधीय नजरिए से मुनगा को एक औषधीय पौधा माना जाता है. इसकी पत्तियों और फलों में कई तरह के विटामिन, कैल्शियम और अन्य जरूरी मिनरल होते हैं. सब्जी के तौर पर मुनगा खाने और इसकी पत्तियों का इस्तेमाल करने से कई जरूरी पोषक तत्व मिल सकते हैं. आज के समय में भी इसका इस्तेमाल कई जगहों पर किया जाता है.

प्राचीन समय में प्रसव के समय में महिलाएं के स्वास्थ्य में सुधार के लिए मुनगा की सब्जी खिलाई जाती थी. इससे महिलाओं में प्रसव पीड़ा सहन करने की शक्ति मिलती थी. इन्हीं फायदों को देखते हुए पीएम मोदी ने ‘हर घर मुनगा-घर घर मुनगा’ नारा दिया ताकि लोग स्वस्थ रहने और बीमारियों से लड़ने के लिए इसे एक किफायती और प्राकृतिक उपाय के तौर पर इस्तेमाल कर सकें.

उन्होंने पीएम मोदी के अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसी कई चीजों पर पूरे देश के लिए कार्य कर रहे हैं. इसी के तहत ‘हर घर मुनगा-घर घर मुनगा’ अभियान चला रहे हैं, जो कि तारीफ के काबिल है. मुनगा हर घर में आसानी से मिल जाता है.

एक अन्य स्थानीय व्यक्ति कविलास राम यादव ने कहा, “यह जीवन के लिए बेहद उपयोगी पौधा है. यहां तक कि इसकी जड़ों का इस्तेमाल भी दवा के तौर पर किया जाता है. हमारे पूर्वज और बुजुर्ग इसे प्राकृतिक उपाय के तौर पर इस्तेमाल करते थे, और इसकी पत्तियों को हरी सब्जी के तौर पर भी खाया जा सकता है. पीएम नरेंद्र मोदी का दिया गया नारा ‘हर घर मुनगा, घर घर मुनगा’ बिल्कुल सही है और लोगों को निश्चित रूप से इसका इस्तेमाल करना चाहिए. यह औषधीय पौधा शरीर के लिए सुरक्षित और फायदेमंद है.”

–

एएसएच/वीसी