
गांधीनगर, 30 सितंबर . गुजरात के महिसागर जिले के संतरामपुर में आईआईएफएल समस्ता फाइनेंस लिमिटेड के खिलाफ 32 जीवित लोगों के झूठे डेथ सर्टिफिकेट जमा करके उनके लोन बंद करने के मामले में शिकायत दर्ज की गई है.
महिसागर जिले के संतरामपुर में एक असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर ने झूठे डेथ सर्टिफिकेट फाइल करके 32 लोन होल्डर्स के लोन बंद कर दिए. आईआईएफएल समस्ता फाइनेंस में संतरामपुर में असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर के तौर पर काम कर रहे पंकज माल के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है.
आरोप है कि उसने 32 लोन होल्डर्स के झूठे डेथ सर्टिफिकेट फाइल करके लोन बंद कर दिए और क्लेम का पैसा हड़प लिया. जब आईआईएफएल समस्ता फाइनेंस की विजिलेंस टीम को इस मामले की जानकारी मिली, तो इसकी सूचना गोधरा एरिया मैनेजर को दी गई.
पूरे मामले की जांच करते हुए आरोपी पंकज माल के खिलाफ संतरामपुर पुलिस स्टेशन में लोन होल्डर्स की झूठी मौत और लोन बंद करने की शिकायत दर्ज की गई है. मामले को लेकर जीएल चौधरी (डीवाईएसपी महिसागर) ने बताया कि संतरामपुर पुलिस स्टेशन में आईआईएफएल फाइनेंस कंपनी के क्लस्टर मैनेजर ने एक एफआईआर दर्ज करवाई है.
इसमें फाइनेंस कंपनी के असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर पंकज भाई दलपतभाई माल करके एक कर्मचारी हैं. उन्होंने ही इस मामले से संबंधित फ्रॉड किया है. 32 लोन के जो ग्राहक थे, उन सबके फर्जी दस्तावेज उन्होंने फाइनेंस कंपनी में दर्ज किए और सबके साथ कुल 12 लाख के ऊपर का फ्रॉड किया हुआ है.
आरोपी ने कस्टमर को ऐसा बोला कि ‘आपकी नई लोन में मंजूर करवाऊंगा, तो पहला हफ्ता देना है.’ ऐसा करके कुल मिलाकर 12 लाख से ऊपर का फ्रॉड किया गया है. इस मामले को अभी संतरामपुर पुलिस इंस्पेक्टर इन्वेस्टिगेट कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ‘आरोपी को हम बहुत जल्दी गिरफ्तार करेंगे.’ इसी के साथ इस मामले से संबंधित सभी दस्तावेज की तलाशी अभी चल रही है.
–
डीके/डीकेपी