
पटना, 21 अक्टूबर . बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश के दुश्मनों के खिलाफ एकजुटता की अपील का समर्थन करते हुए कहा कि देश को अस्थिर करने की कोशिश करने वाली ताकतों के खिलाफ सभी को एकजुट होना चाहिए. उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी को समस्या माना, लेकिन साथ ही देश की आर्थिक वृद्धि को युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने से जोड़ा. इस दौरान उन्होंने संजय राउत की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर की गई टिप्पणी, जन सुराज बिहार के अध्यक्ष मनोज भारती पर हुए हमले और आठ एमएलसी सीटों के लिए चुनाव प्रचार समाप्त होने पर भी प्रतिक्रिया दी.
प्रधानमंत्री मोदी की देश के दुश्मनों के खिलाफ एकजुटता की अपील पर अशोक चौधरी ने कहा कि यह अच्छी बात है और इसका स्वागत किया जाना चाहिए. देश के दुश्मन देश को कमजोर और अस्थिर करना चाहते हैं. ऐसे तत्वों के खिलाफ एकजुट रहना जरूरी है. प्रधानमंत्री मोदी ने दशहरा जैसे शुभ अवसर पर यह अपील की है, इसलिए इसे सकारात्मक रूप में देखना चाहिए. कुछ ताकतें देश को अस्थिर करने के लिए फंडिंग के जरिए आतंकवाद को बढ़ावा देने का प्रयास करती हैं.
मंत्री ने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति से कुछ दूसरे देशों को परेशानी हो सकती है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के आर्थिक विकास अनुमानों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत करीब सात प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ने की उम्मीद कर रहा है. ऐसी स्थिति में देश की स्थिर सरकार को अस्थिर करने की कोशिशें हो सकती हैं.
महंगाई और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की टिप्पणी पर अशोक चौधरी ने कहा कि ये दोनों समस्याएं हैं, लेकिन भारत की जनसंख्या और युवाओं की बड़ी संख्या को भी ध्यान में रखना चाहिए. युवाओं को रोजगार देने के लिए आर्थिक विकास की गति बढ़ाना और अर्थव्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है. चौधरी ने भारत की अर्थव्यवस्था की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आर्थिक प्रगति का लाभ युवाओं को मिलना चाहिए. अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के अनुमानों के मुताबिक, यदि भारत सात प्रतिशत की विकास दर बनाए रखता है तो 2027 में जापान को पीछे छोड़ने की संभावना है. उन्होंने तर्क दिया कि अर्थव्यवस्था के विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं और बेरोजगार युवाओं को काम मिलने में मदद मिलेगी.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लॉरेंस बिश्नोई को लेकर संजय राउत की टिप्पणी पर अशोक चौधरी ने कहा कि राउत के बयानों को ज्यादा महत्व देने की जरूरत नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग खबरों में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देते हैं. चौधरी ने कहा कि संजय राउत क्या कहते हैं और क्या नहीं कहते हैं, इस पर कितना ध्यान दिया जाना चाहिए, यह समझने की जरूरत है.
जन सुराज बिहार के अध्यक्ष मनोज भारती पर हुए हमले को लेकर अशोक चौधरी ने इसे गलत करार दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के नेता या कार्यकर्ता पर हमला करना उचित नहीं है. मंत्री ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक रूप से विरोधी व्यक्ति पर हमला करना या उसे शारीरिक नुकसान पहुंचाना गलत है. सभी राजनीतिक दलों को ऐसी घटनाओं का विरोध करना चाहिए.
आठ एमएलसी सीटों के लिए चुनाव प्रचार समाप्त होने पर अशोक चौधरी ने कहा कि अब चुनाव का समय आ गया है और मतदान में केवल दो-तीन दिन बाकी हैं. उन्होंने कहा कि प्रचार का अंतिम दौर पूरा हो चुका है और अब चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
–
पीएसके/डीकेपी