
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर . चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव कराने का फैसला किया है. यह सीट डॉ. एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है.
निर्वाचन सदन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, डॉ. एल मुरुगन ने 14 अक्टूबर को इस्तीफा दिया था. उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था. इसी खाली सीट को भरने के लिए अब उपचुनाव कराया जाएगा. आयोग ने चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है. नोटिफिकेशन 26 अक्टूबर को जारी किया जाएगा. नामांकन की आखिरी तारीख 2 नवंबर है. नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी.
नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 5 नवंबर है और मतदान 12 नवंबर को होगा. मतदान का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा. वोटों की गिनती 12 नवंबर को शाम 5 बजे होगी. चुनाव पूरा होने की आखिरी तारीख 16 नवंबर तय की गई है.
चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर भी कुछ अहम निर्देश दिए हैं. आयोग ने कहा है कि बैलेट पेपर पर वरीयता अंकित करने के लिए सिर्फ बैंगनी रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल किया जाएगा. यह पेन रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा दिया जाएगा और पहले से तय मानक का होगा. इसके अलावा किसी भी अन्य पेन का इस्तेमाल किसी भी हालत में नहीं किया जा सकेगा.
इसके साथ ही चुनाव आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त करने का भी फैसला किया है. चुनाव प्रक्रिया की कड़ी निगरानी की जाएगी ताकि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
बता दें कि राज्यसभा में मध्य प्रदेश से खाली हुई यह सीट काफी अहम मानी जा रही है. डॉ. एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद इस सीट पर नए सदस्य का चुनाव होना है, जिसका कार्यकाल 2030 तक रहेगा. मुरुगन को जुलाई 2021 में पहली बार केंद्रीय राज्यमंत्री बनाया गया था.
–
वीकेयू/पीएम