कच्छ के युवा भाजपा नेता व्रजेशभाई पावागढ़ी के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, पिता से फोन पर की बात

कच्छ, 22 अक्टूबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कच्छ के युवा भाजपा नेता और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पूर्व कार्यकर्ता व्रजेशभाई पावागढ़ी के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री ने उनके पिता महेशभाई पावागढ़ी को पत्र लिखकर शोक संवेदनाएं व्यक्त की थीं. अब प्रधानमंत्री की उनके पिता से फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना जताई.

प्रधानमंत्री मोदी ने 14 अक्टूबर को महेशभाई पावागढ़ी को पत्र लिखा था. पत्र में उन्होंने व्रजेशभाई के असामयिक निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक पिता के लिए अपने बेटे को खोने का दर्द असहनीय होता है. यह परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती.

प्रधानमंत्री ने पत्र में व्रजेशभाई को पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं में से एक बताते हुए कहा कि उन्होंने कच्छ जिला युवा मोर्चा में संगठन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया था. उनके निधन से पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है. पीएम मोदी ने परिवार के सभी सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

बता दें कि व्रजेशभाई पावागढ़ी का भारतीय जनता पार्टी और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ाव रहा था. वह एबीवीपी के पूर्व कार्यकर्ता थे और कच्छ में युवा भाजपा संगठन में मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे. उन्होंने वड़नगर से वाराणसी तक निकाली गई संकल्प यात्रा में सेवायात्री के रूप में हिस्सा लिया था.

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के विदिशा में बुखार आने के बाद व्रजेशभाई की तबीयत बिगड़ गई थी. उन्हें मस्तिष्क में संक्रमण हुआ, जिसके बाद उनकी स्थिति गंभीर हो गई और वह ब्रेन डेड हो गए. पिछले सप्ताह उनका निधन हो गया था.

व्रजेशभाई के निधन से परिवार, पार्टी कार्यकर्ताओं और उनसे जुड़े लोगों में शोक है. प्रधानमंत्री की ओर से पत्र और फोन के माध्यम से व्यक्त की गई संवेदनाओं को परिवार के प्रति उनके समर्थन के रूप में देखा जा रहा है.

–

डीएससी