
रांची, 22 अक्टूबर . भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 23 अक्टूबर से तीन दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रहे हैं. उनके इस दौरे को पार्टी के लिए राजनीतिक और संगठनात्मक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हाल में प्रदेश भाजपा के प्रभारी और संगठन महामंत्री की नियुक्तियों के बाद उनका यह दौरा संगठन की भावी रणनीति के लिहाज से भी अहम है.
नितिन नवीन 23 अक्टूबर की शाम सात बजे रांची हवाई अड्डे पहुंचेंगे. उनके स्वागत के लिए प्रदेश भाजपा ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. राजधानी में पार्टी के झंडे, बैनर और पताकाएं लगाई गई हैं. पार्टी कार्यकर्ता पारंपरिक रीति-रिवाज, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत करेंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का झारखंड में यह दूसरा दौरा होगा.
अपने प्रवास के दौरान वह 24 अक्टूबर को आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे. इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के साथ संगठन की भावी दिशा पर चर्चा होने की संभावना है. राजनीतिक दृष्टि से इस दौरे का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है कि गिरिडीह विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है. ऐसे में पार्टी की चुनावी रणनीति, स्थानीय स्तर पर संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा हो सकती है.
इसके साथ ही 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्य में पार्टी की स्थिति मजबूत करने के उपायों पर भी मंथन की संभावना है. झारखंड भाजपा में हाल में प्रदेश प्रभारी और संगठन महामंत्री की नियुक्तियों के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा संगठनात्मक बदलावों के बीच हो रहा है. ऐसे में प्रदेश नेतृत्व के साथ उनकी बैठक को संगठन की प्राथमिकताओं, समन्वय और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की. प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि नितिन नवीन के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है.
–
एसएनसी/पीएम