एआरसीआई भर्ती 2026: वैज्ञानिक सहित 29 पदों पर आवेदन जारी, 27 से 56 वर्ष वालों के लिए सुनहरा मौका

हैदराबाद, 23 अक्टूबर . भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) का एक स्वायत्त अनुसंधान एवं विकास (आर एंड डी) केंद्र, पाउडर मेटलर्जी और नई सामग्रियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय उन्नत अनुसंधान केंद्र (एआरसीआई) ने वैज्ञानिक, तकनीकी, प्रशासनिक और सहायक कर्मचारियों के कुल 29 पदों के लिए पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित करने की आधिकारिक अधिसूचना जारी की है.

एआरसीआई की ओर से जारी 29 रिक्तियों में वैज्ञानिक ‘बी’ (आर एंड डी) के 4, अधिकारी ‘बी’ (वित्त और लेखा) का 1, तकनीकी सहायक ‘ए’ के 7, सहायक ‘ए’ के 6, तकनीशियन ‘ए’ के 9 और ड्राइवर ‘ए’ के 2 पद शामिल हैं.

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 अक्टूबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 21 नवंबर तक तय की गई है. एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एआरसीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से वैज्ञानिक ‘बी’ (आर एंड डी) के लिए मैटेरियल्स इंजीनियरिंग/मैटेरियल्स साइंस एंड इंजीनियरिंग/मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग/मैटेरियल्स एंड मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में से किसी एक विषय में इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी में ग्रेजुएशन की डिग्री, अधिकारी ‘बी’ (वित्त और लेखा) के लिए बैचलर डिग्री, तकनीकी सहायक ‘ए’ के लिए बीएससी भौतिक विज्ञान में (रसायन विज्ञान एक विषय सहित) या मेटलर्जी/मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग या समकक्ष में तीन वर्ष का पूर्णकालिक डिप्लोमा, सहायक ‘ए’ के लिए बैचलर डिग्री, तकनीशियन ‘ए’ के लिए 10वीं/एसएससी पास के साथ ही फिटर/टर्नर/इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में 2 वर्ष का फुल-टाइम आईटीआई होना चाहिए.

ड्राइवर ‘ए’ के लिए 10वीं/एसएससी या उसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण के साथ ही हल्के और भारी वाहनों को चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस, मोटर मैकेनिज्म की जानकारी, हल्के वाहनों को चलाने का कम से कम तीन वर्षों का और भारी वाहनों को चलाने का कम से कम छह वर्षों का अनुभव और वाहनों की लॉगबुक, यात्रा रिकॉर्ड, ईंधन की खपत का विवरण और अन्य संबंधित दस्तावेजों को बनाए रखने की जानकारी होनी चाहिए. इसके अतिरिक्त, इन सभी पदों के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित समय का अनुभव होना भी जरूरी है.

आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 27 से 56 वर्षों के बीच तय की गई है. वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन पदों के अनुसार प्रारंभिक जांच/शॉर्ट-लिस्टिंग, कंप्यूटर आधारित प्रतियोगी लिखित परीक्षा (सीडब्ल्यू), सीडब्ल्यू के अंकों के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों का व्यक्तिगत साक्षात्कार और व्यापार/कौशल परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पदों के अनुसार 39,970 से 1,18,110 रुपए के बीच प्रति माह होगी.

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग और पद के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 500 से 600 रुपए के बीच और एससी/ईडब्ल्यूएस/पीडब्ल्यूडी (दिव्यांगजन)/महिलाएं/पूर्व सैनिक के लिए 300 से 400 रुपए के बीच तय किया गया है.

–

डीके/एबीएम