
मुंबई, 26 अक्टूबर . निर्देशक राजकुमार पेरियासामी की बहुप्रतीक्षित एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘ओम’ सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है. फिल्म में तमिल स्टार धनुष और मलयालम सुपरस्टार ममूटी लीड रोल में नजर आएंगे. इसी बीच मेकर्स ने फैंस का इंतजार खत्म करते हुए अभिनेत्री साई पल्लवी के किरदार का खुलासा कर दिया है.
हालांकि एक्ट्रेस का फर्स्ट लुक सोमवार शाम को रिलीज किया जाएगा. मेकर्स ने पहले ही बता दिया है कि वह फिल्म में एक पुलिस ऑफिसर के रोल में नजर आएंगी.
फिल्म को प्रोड्यूस कर रही प्रोडक्शन कंपनी वंडरबार फिल्म्स ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डायरेक्टर राजकुमार पेरियासामी से मजाकिया अंदाज में पूछा, “सर, सब लोग पूछ रहे हैं कि साई पल्लवी की झलक कब आएगी, बता दें क्या सर, राजकुमार केपी?”
इस ट्वीट का जवाब देते हुए डायरेक्टर राजकुमार पेरियासामी ने कहा, “बेझिझक बता सकते हैं. आज, 26 अक्टूबर को शाम 6 बजे. फिल्म में अभिनेत्री साई पल्लवी नित्या रेड्डी का किरदार निभाएंगी.” बॉलीवुड स्टार नसीरुद्दीन शाह भी इस फिल्म का हिस्सा हैं. फिल्म के टाइटल के साथ ‘चैप्टर 1’ की टैगलाइन है, जिससे संकेत मिलता है कि इसका सीक्वल भी आ सकता है.
कुछ समय पहले मेकर्स द्वारा रिलीज किए गए टाइटल टीजर से पता चला था कि कहानी लाल चंदन काटकर जीवन यापन करने वालों के इर्द-गिर्द घूमती है. धनुष खुद फिल्म में एक लकड़हारे की भूमिका में हैं. टीजर में दिखाया गया था कि पुलिसकर्मी अवैध रूप से लाल चंदन काट रहे लकड़हारों को पकड़ रहे हैं. जैसे ही वे बंदूक की नोक पर मजदूरों को बंधक बनाते हैं, धनुष उन्हें बचाने के लिए आता हुआ दिखाई देता है. फिल्म इस साल 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
बता दें कि मेकर्स ने पहले फिल्म को 16 अक्टूबर को रिलीज करने का प्लान बनाया था. हालांकि, एक्टर धनुष ने एक बयान में फिल्म की रिलीज टालने की घोषणा की थी. उन्होंने कहा था कि उन्होंने सुपरस्टार रजनीकांत के सम्मान में फिल्म की रिलीज को टालने का फैसला किया है, रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर को रिलीज हुई है.
धनुष ने यह भी साफ किया है कि उनकी फिल्म दिवाली पर भी रिलीज नहीं होगी क्योंकि उसी डेट पर सूर्या की फिल्म पहले से अनाउंस हो चुकी है. इसके बाद एक्टर और प्रोड्यूसर ने फिल्म की नई रिलीज डेट 20 नवंबर घोषित की. फिल्म को लेकर फैंस और सिनेमा लवर्स में जबरदस्त उत्साह है क्योंकि यह पहली बार है जब धनुष और ममूटी किसी प्रोजेक्ट में साथ काम कर रहे हैं.
–
एनएस/पीएम