दशकों तक दूसरों ने सुनाई मेरी कहानी, अब मेरी बारी, अपने संस्मरण पर बोलीं सोनिया गांधी

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर . कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को कहा कि उनकी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के 10 नवंबर को दुनियाभर में प्रकाशित होने के बाद राजनीतिक तमाशा देखने को मिल सकता है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक संदेश में सोनिया गांधी ने लिखा, “जब यह किताब प्रकाशित होगी तो कुछ न कुछ तमाशा होना तय है. आखिरकार दशकों तक दूसरे लोग मेरी कहानी बताते रहे हैं, अब बारी मेरी है.”

इस सोशल मीडिया पोस्ट के साथ एक छोटा वीडियो भी साझा किया गया. वीडियो में सोनिया गांधी अपनी कहानी साझा करने के कारणों को बता रही हैं.

वीडियो क्लिप के कैप्शन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब उनके पति राजीव गांधी को प्रधानमंत्री बनने के लिए कहा गया था, तो वह इसके पूरी तरह से खिलाफ थीं.

22 अक्टूबर को सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर जुड़कर और अपनी आगामी पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ पर एक पोस्ट साझा करके सोशल मीडिया पर अपनी शुरुआत की.

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा की पहली झलक साझा करते हुए अपने पहले इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “सभी को नमस्कार, मैं आप सभी के साथ यह पल साझा करते हुए बेहद खुश हूं: ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक. यह प्रेम, कर्तव्य, वियोग और अपनेपन की तलाश की कहानी है. मैं इसे आप सभी के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं.”

इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में सोनिया गांधी अपनी पुस्तक की पहली प्रतियां प्राप्त करती और अपनी बेटी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मिठाई बांटती नजर आ रही हैं. दोनों को गले मिलते हुए भी देखा गया.

सोनिया गांधी का अब तक कोई सोशल मीडिया अकाउंट नहीं था. अब उनके 10,700 से अधिक फॉलोअर्स हैं और वह अपने बच्चों राहुल और प्रियंका गांधी के साथ-साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को भी फॉलो करती हैं.

पुस्तक 10 नवंबर को लॉन्च होने वाली है और इसके लिए प्री-ऑर्डर शुरू हो चुके हैं. इस संस्मरण को पेंगुइन रैंडम हाउस की एक प्रकाशन इकाई अल्फ्रेड ए. नोपफ द्वारा प्रकाशित किया जा रहा है, जबकि भारत में इसका विमोचन हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा किया जा रहा है.

हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ प्रकाशित करेगी. इसमें कहा गया है, “बहुप्रतीक्षित संस्मरण 10 नवंबर 2026 को भारत में प्रकाशित होगा.”

प्रकाशन गृह ने कहा, “हमारे समय के सबसे बहुप्रतीक्षित राजनीतिक संस्मरणों में से एक ‘बिलॉन्गिंग’ प्रेम, पहचान, कर्तव्य और अपनेपन की एक नाटकीय और बेहद व्यक्तिगत कहानी है और भारत की यात्रा का एक दुर्लभ आंतरिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है.”

इससे पहले, ऐसी खबरें सामने आईं थीं कि पेंगुइन इंडिया ने संपादकीय परिवर्तनों पर असहमति के कारण वरिष्ठ कांग्रेस नेता के संस्मरण को प्रकाशित करने से इनकार कर दिया था, जिसे बाद में प्रकाशन गृह ने खारिज कर दिया.

–

एमएस/वीसी