
वाशिंगटन, 28 अक्टूबर . अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बात कही है. उनका मानना है कि इससे वह एक समृद्ध देश बन सकता है. उन्होंने वेनेजुएला से आए 10 लाख बैरल तेल को अमेरिका की बड़ी जीत बताते हुए दावा किया कि इसके लिए अमेरिकी करदाताओं को कोई खर्च नहीं करना पड़ा.
ट्रंप ने मंगलवार को टेक्सास के कॉर्पस क्रिस्टी बंदरगाह पर एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, “यह एक समृद्ध देश बनेगा और कौन जानता है, शायद जल्द ही यह अमेरिका का समृद्ध 51वां राज्य बन जाए. यह संभव है. आइए, इसे 51वां राज्य बनाते हैं. फिर राष्ट्रपति के बजाय यहां गवर्नर के चुनाव होंगे.”
पास में खड़े एक जहाज की ओर इशारा करते हुए ट्रंप ने कहा, “उसमें वेनेजुएला से आया 10 लाख बैरल तेल है और अमेरिका इतिहास की सबसे बड़ी तेल जीत का जश्न मना रहा है.”
उन्होंने कहा कि हालिया संघर्ष में जीत के बाद यह तेल अमेरिकी करदाताओं पर बिना किसी लागत के अमेरिका को उपलब्ध कराया जा रहा है.
ट्रंप ने इससे कुछ घंटे पहले जॉइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों से कहा, “अमेरिका ने वेनेजुएला पर सफलतापूर्वक नियंत्रण हासिल किया है और वहां से उन्हें उपहार के रूप में 10 लाख बैरल तेल भेजा गया है.”
रैली में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी ट्रंप के साथ मौजूद थे. उन्होंने कहा, “दुनिया के सबसे महान देश अमेरिका के लिए काम करना सम्मान की बात है.” मंच पर रूबियो की प्रशंसा करते हुए ट्रंप ने मजाक में कहा, “इन्हें क्यूबा में उतार देंगे और ये लगभग 15 मिनट में वहां का मामला सुलझा देंगे.”
ईरान के साथ युद्ध का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने यह युद्ध शुरू नहीं किया. उनके मुताबिक, ईरान 1979 से अमेरिका के खिलाफ युद्ध जैसी कार्रवाई करता रहा है और उसने कई अमेरिकी नागरिकों की जान ली है.
ट्रंप ने तेल की बढ़ती कीमतों के प्रभाव को भी स्वीकार किया. उन्होंने कहा, “पहले से अंदाजा था कि तेल की कीमतें बढ़ेंगी और सोचा था कि ये दो से तीन गुना तक बढ़ सकती हैं. इसके बावजूद मैं वो करने को तैयार था. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह स्थिति जल्द समाप्त हो जाएगी.
उन्होंने मध्य पूर्व के हालात का जिक्र करते हुए यह भी कहा, “मौजूदा परिस्थितियों से अमेरिका को काफी आर्थिक लाभ हो रहा है.”
ट्रंप टेक्सास में रिपब्लिकन नेताओं के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे. उन्होंने तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले राज्य के अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन और गवर्नर ग्रेग एबॉट के समर्थन में रैली की. इसके बाद वह दूसरी रैली के लिए लब्बॉक रवाना हुए.
जनवरी में अमेरिकी बलों ने वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया था. इसके बाद देश की अंतरिम सरकार ने वाशिंगटन के साथ तेल संबंधी समझौते किए हैं.
–
केआर/