
मुंबई, 28 अक्टूबर . राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता और विधान परिषद सदस्य जीशान सिद्दीकी को मुंबई एनसीपी अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. अपनी नियुक्ति के बाद जीशान सिद्दीकी ने से बात करते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया. साथ ही उन्होंने अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग, अपने पिता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और अजीत पवार की विमान दुर्घटना में मौत पर भी अपनी बात रखी.
मुंबई एनसीपी अध्यक्ष के रूप में अपनी नियुक्ति पर जीशान सिद्दीकी ने कहा, “बड़ी खुशी भी है और उत्सुकता भी है क्योंकि इतनी बड़ी जिम्मेदारी मुझे उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने दी है. अजित दादा के सपने के अनुसार, मेरे पिताजी बाबा सिद्दीकी को याद करते हुए मैं मुंबई की जिम्मेदारी आज स्वीकारता हूं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद पर रहकर मैं आगे सबके लिए काम करूंगा. युवाओं और वरिष्ठों को साथ लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का झंडा मुंबई में लहराना हमारा कर्तव्य है. परिवार को बढ़ाना हमारा कर्तव्य है.”
उन्होंने कहा कि बहुत सारे लोग ऐसे हैं जो पार्टी में प्रवेश करना चाहते थे और इसी पल का इंतजार कर रहे थे. अब वे भी पार्टी के साथ जुड़कर काम करेंगे. उन्होंने कहा कि हर समाज और हर वर्ग के साथ काम करने के लिए वह उत्सुक हैं.
जीशान सिद्दीकी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा, “ये जवाबदारी जो मुझे दी गई है, उसके लिए मैं पार्टी लीडरशिप का, सुनेत्रा पवार का, पार्थ पवार का, प्रफुल्ल पटेल का, सुनील तटकरे का, सभी का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा कि उन्होंने मुझे इतना काबिल समझा. अब बारी मेरी है. मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाना है. आगे जो चुनाव आने वाले हैं, उसमें हम कितनी ज्यादा सीटें जीतते हैं और हमारी पार्टी किस तरह बढ़ती है, वह जिम्मेदारी मेरी है और मैं उसे बखूबी निभाकर दिखाऊंगा.”
अपने पिता बाबा सिद्दीकी को याद करते हुए जीशान ने कहा, “मेरे पिताजी आज मुझे देखकर बहुत खुश होते कि इतनी बड़ी जिम्मेदारी मुझे दी गई है. जहां भी होंगे, मुस्कुरा रहे होंगे. उन्हीं को याद करके, अजीत दादा को याद करके मैं आगे बढूंगा. उन्होंने जो मुझे सिखाया है, जो परवरिश दी है, उसी को मद्देनजर रखकर उसी राह पर चलूंगा.”
जीशान ने कहा कि वह अपने पिताजी को हर पल मिस करते हैं. आज जब उन्होंने नियुक्ति पत्र लिया, तब भी उन्होंने अपने पिता और अजीत दादा को बहुत याद किया. उन्होंने कहा कि अब उनके नक्शे कदम पर चलना है और लोगों के लिए काम करना है.
अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना पर जीशान सिद्दीकी ने कहा, “ये सारे जो लोग हैं, मैं उनको बुजदिल ही कहूंगा क्योंकि बुजदिल लोग ही ऐसे वार करते हैं. उन सब पर कड़ी से कड़ी सजा होनी चाहिए क्योंकि मुंबई ऐसा शहर नहीं है, जिसमें ऐसा कुछ होना चाहिए.”
उन्होंने कहा कि मुंबई एक ऐसा शहर है, जिसे पूरी दुनिया देखती है. ऐसे में एक उदाहरण पेश करना होगा. उन्होंने कहा कि खासतौर पर उनके पिता बाबा सिद्दीकी के पीछे जो मास्टरमाइंड हैं, उन्हें पकड़कर सजा देना जरूरी है, तभी मुंबई शहर को वास्तव में सुरक्षित महसूस किया जा सकेगा.
लॉ एंड ऑर्डर पर बात करते हुए जीशान ने कहा कि दोनों मामलों को वह अलग मानते हैं. उनके पिता के मामले में उनकी मांग थोड़ी अलग है, लेकिन लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति तो है ही. उन्होंने कहा कि इंटेलिजेंस को इससे बेहतर काम करना पड़ेगा और जितना ज्यादा सतर्क रहा जाएगा, लोग उतना ही सुरक्षित महसूस करेंगे.
उन्होंने कहा कि उनके पिता के मामले में अब तक लगभग 11 लोगों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन पुलिस अभी तक जड़ तक नहीं पहुंच पाई है. टाइगर श्रॉफ के मामले में भी जड़ तक जाना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि जो भी डर का माहौल पैदा करने की कोशिश करता है, वह सफल नहीं होगा, क्योंकि मुंबईकरों का हौसला अलग ही है. उन्होंने कहा कि जड़ तक जाना मुंबई पुलिस के लिए जरूरी है, लेकिन मुंबई वालों को कोई डरा नहीं सकता.
अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत के मामले में जीशान सिद्दीकी ने कहा, “हमने हमेशा से यही मांग की है कि जो भी है, जांच पूरी तरीके से होनी चाहिए. अजीत दादा ही हमारे सब कुछ थे. वह मेरे गुरु की तरह थे और एक शिष्य के नाते मैं यही कहूंगा कि अजित दादा के साथ जो हुआ, उस पर बराबर से जांच होनी चाहिए. यही मांग हम करते आ रहे हैं और करते रहेंगे.”
उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन है कि जांच पहले से बेहतर और जल्दी होगी और सभी को न्याय मिलेगा. संदेह के सवाल पर उन्होंने कहा कि क्या हुआ, यह जांच के बाद ही पता चलेगा लेकिन जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए.
–
पीआईएम/पीएम