युवाओं से संवाद ही समस्याओं का समाधान, चंडीगढ़ में बोले चिराग पासवान

चंडीगढ़, 28 अक्टूबर . केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बुधवार को कहा कि देश के युवाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान केवल सकारात्मक और रचनात्मक संवाद के जरिए ही संभव है. उन्होंने युवाओं से संवाद बढ़ाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण का भी समर्थन किया.

चंडीगढ़ दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि आज युवाओं के बीच कुछ मुद्दों को लेकर असंतोष है. उन्होंने कहा, “अगर युवाओं के मन में कोई समस्या या चिंता है तो उसका समाधान केवल रचनात्मक संवाद के माध्यम से ही निकाला जा सकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यही मानते हैं कि युवाओं से हर संभव मंच पर संवाद किया जाए और उनके विचारों को समझते हुए आगे बढ़ा जाए.”

पंजाब की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि यह बेहद गंभीर विषय है. उन्होंने कहा, “मैं यह बात सिर्फ इसलिए नहीं कह रहा हूं कि हम यहां विपक्ष में हैं, बल्कि इसलिए कह रहा हूं क्योंकि पंजाब से मेरा व्यक्तिगत जुड़ाव है. मेरा ननिहाल पंजाब में है. यहां रोजाना हत्या जैसी घटनाएं देखने को मिलती हैं. नशे की समस्या और बढ़ती आपराधिक गतिविधियां राज्य के लिए चिंता का विषय हैं.”

चिराग पासवान ने संकेत दिए कि उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पंजाब में चुनावी राजनीति को लेकर अपनी तैयारियां मजबूत कर रही है.

उन्होंने कहा, “आज पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भी यहां आयोजित की गई है. बैठक के बाद पार्टी प्रभारी केपी चौधरी के नेतृत्व में पूरी टीम आगे की रणनीति पर चर्चा करेगी.”

मोहाली स्थित सीजीसी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं से सीधे संवाद करना है. उन्होंने दोहराया कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी समस्याओं तथा विचारों को समझे बिना किसी भी समाधान तक पहुंचना संभव नहीं है.

चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर चिराग पासवान ने विपक्ष की आलोचना की.

उन्होंने कहा, “विपक्ष में हैं, इसलिए विरोध करना उनका अधिकार है और वे कर भी रहे हैं, लेकिन इससे उन्हें कोई फायदा नहीं मिला है. जहां भी चुनाव होते हैं, वहां उन्हें हार का सामना करना पड़ता है.”

–

एएमटी/डीकेपी