
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर . पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अब तक 22 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें 14 नाविक शामिल हैं. विदेश मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी. मंत्रालय ने क्षेत्र में जारी संघर्ष पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उनकी भलाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार संपर्क में है.
नई दिल्ली में आयोजित द्विसाप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में अब तक 22 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है. इनमें 14 नाविक शामिल हैं.
जायसवाल ने कहा, “पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर हम गहरी चिंता व्यक्त करते हैं. इस संघर्ष में अब तक हमने दुर्भाग्यवश 22 भारतीय नागरिकों को खोया है, जिनमें 14 नाविक शामिल हैं. हमारी ओर से वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लगातार संपर्क में रहने की कोशिश की जा रही है, ताकि उनकी सुरक्षा और भलाई के लिए हरसंभव प्रयास किए जा सकें.” उन्होंने आगे बताया कि सऊदी अरब में अब तक तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई है.
इससे पहले 16 अक्टूबर को भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी थी. भारतीय नागरिकों से कहा गया था कि हवाई हमले की स्थिति में वे तुरंत किसी नजदीकी सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और मौजूदा घटनाक्रम से जुड़ी किसी भी जानकारी, तस्वीर या वीडियो को रिकॉर्ड करने, प्रकाशित करने, अथवा साझा करने से बचें.
सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा था कि भारतीय समुदाय मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर आवश्यक सावधानियां बरते. हवाई हमले की स्थिति में तुरंत किसी इमारत के भीतर या खिड़कियों से दूर किसी आंतरिक कमरे जैसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचें. दूतावास ने यह भी बताया था कि उसके अधिकारी अस्पतालों में भर्ती भारतीय नागरिकों से मिलने जा रहे हैं. इसके साथ ही वे उनके परिवारों के लगातार संपर्क में हैं और आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहे हैं.
भारत ने सऊदी अरब में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए हमलों की निंदा दोहराते हुए इन्हें ‘अस्वीकार्य’ करार दिया था. भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के प्रयासों के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की थी.
इस महीने की शुरुआत में आयोजित एक अन्य द्विसाप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान जायसवाल ने उम्मीद जताई थी कि पश्चिम एशिया में जल्द ही शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी. उन्होंने कहा था कि सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास वहां रह रहे भारतीय समुदाय के साथ नियमित संपर्क बनाए हुए हैं और समय-समय पर आवश्यक परामर्श भी जारी कर रहे हैं.
–
डीएससी