तीस हजारी कोर्ट के पास 24.90 लाख रुपए लूटकांड का खुलासा, छह आरोपी चिन्हित, एक गिरफ्तार

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर . उत्तरी जिला पुलिस ने सब्जी मंडी इलाके में हुई 24.90 लाख रुपए की लूट के मामले का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने मामले में शामिल छह संदिग्धों की पहचान कर ली है, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर 15.90 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं.

पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे की है. शिकायतकर्ता सुरेश शर्मा (48) कूचा महाजन से 24.90 लाख रुपए लेकर अपनी मोटरसाइकिल से करावल नगर जा रहे थे. जब वह तीस हजारी कोर्ट परिसर के गेट नंबर-5, गोखले मार्केट के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैग में रखी नकदी छीन ली और मौके से फरार हो गया.

घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद सब्जी मंडी थाने में एफआईआर संख्या 463/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और स्थानीय खुफिया सूचनाओं का गहन विश्लेषण किया गया.

लगातार जांच के बाद पुलिस ने इस वारदात में शामिल छह संदिग्धों की पहचान कर ली. सभी आरोपी दिलशाद गार्डन, शाहदरा और आगरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

पुलिस अभियान के दौरान गौरव उर्फ टेड़ा को शाहदरा से गिरफ्तार किया गया. वहीं, मामले के मुख्य साजिशकर्ता अंकित उर्फ कालू के आगरा स्थित घर से 15.90 लाख रुपए नकद बरामद किए गए.

पुलिस का कहना है कि यह बरामदगी मामले में एक बड़ा और महत्वपूर्ण सुराग साबित हुई है.

पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. साथ ही लूटी गई शेष 9 लाख रुपए की राशि की बरामदगी, सभी आरोपियों की भूमिका तय करने और पूरी साजिश का खुलासा करने के लिए जांच जारी है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज के प्रभावी विश्लेषण, तकनीकी जांच, मानव खुफिया तंत्र और विभिन्न टीमों के समन्वित प्रयासों से संभव हो सका.

उत्तरी जिला पुलिस ने कहा कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

–

एएमटी/डीकेपी