दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज; कहीं हल्की तो कहीं हुई तेज बारिश, ‘येलो अलर्ट’ जारी

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर . दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गुरुवार सुबह से ही मौसम में अचानक बदलाव का एहसास होने लगा है. तड़के सुबह राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई है. मौसम विज्ञान विभाग ने आज यानी 29 अक्टूबर के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है. आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, आज पूरे दिन आंधी-तूफान और तेज बारिश की संभावना है, जिसके चलते प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है.

आईएमडी की वेबसाइट पर जारी स्थानीय मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, आज (29 अक्टूबर) दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. हवा में नमी का स्तर 95 से 65 प्रतिशत के बीच रहेगा. आसमान आम तौर पर बादलों से घिरा रहेगा. आज के मौसम को लेकर एक विशेष ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. दिन के विभिन्न हिस्सों में मौसम की स्थिति अलग अलग होगी.

सुबह के समय: हल्की से मध्यम बारिश, तूफान के साथ बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. दोपहर के समय : हल्की से मध्यम बारिश और तूफान जारी रहेगा, जिसके साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. दोपहर के बाद मौसम इसी तरह बना रहेगा. बारिश और तूफान के साथ तेज हवाएं चलती रहेंगी. शाम के समय: हल्की से मध्यम बारिश, तूफान, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.

30 अक्टूबर: इस दिन भी तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है. तापमान 28 डिग्री से 18 डिग्री के बीच रहेगा. 31 अक्टूबर: मौसम में सुधार होगा और आसमान आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा. तापमान 29 डिग्री से 19 डिग्री तक जा सकता है. 1 नवंबर और 2 नवंबर: इन दिनों आसमान आंशिक रूप से बादलों वाला और मुख्य रूप से साफ रहेगा. तापमान 30 डिग्री तक पहुंच सकता है और न्यूनतम तापमान 17-19 डिग्री के आसपास रहेगा. 3 नवंबर: मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा और तापमान 30 डिग्री से 16 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. बारिश के बावजूद, फिलहाल दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता पर कोई खास असर पड़ता नहीं दिख रहा है और एक्यूआई अभी भी ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना हुआ है.

दिल्ली के इलाकों में मुंडका का एक्यूआई सबसे खराब 344 दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है. नजफगढ़ में 243, नांगलोई में 260, नरेला में 242, मंदिर मार्ग में 230, नॉर्थ कैंपस में 230 और द्वारका में 270 पर एक्यूआई दर्ज किया गया है. नोएडा के सेक्टरों की बात करें तो यहां भी हालत बेहतर नहीं है. सेक्टर-62 में 276, सेक्टर-125 में 267, सेक्टर-110 में 259, सेक्टर-150 में 254, सेक्टर-39 में 214, सेक्टर-1 में 181 और सेक्टर-116 में 165 दर्ज किया गया है.

मौसम विभाग का कहना है कि आज दिन में तेज बारिश होने की संभावना है. बारिश के चलते प्रदूषण के कण हवा में नहीं उड़ पाएंगे, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक में गिरावट आ सकती है. यानी अगर अच्छी बारिश होती है, तो दिल्ली-नोएडा के लोगों को प्रदूषण से थोड़ी राहत मिल सकती है.

–

पीकेटी/पीएम