इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, देश की ‘आयरन लेडी’ बताया

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर . पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि पर देशभर में कांग्रेस नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान नेताओं ने देश की एकता, अखंडता और विकास में उनके योगदान को याद किया. कांग्रेस नेताओं ने इंदिरा गांधी के साहस, नेतृत्व और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया. वहीं, हिंदू परंपराओं का कथित तौर पर मजाक उड़ाने वाले इजरायली-अमेरिकी रब्बी योसी मिजराची के वीडियो पर भी कांग्रेस नेताओं ने प्रतिक्रिया दी.

कांग्रेस नेता अनुमा आचार्य ने इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि वह देश की ऐसी प्रधानमंत्री थीं, जिनके जैसा नेतृत्व पहले कभी देखने को नहीं मिला और भविष्य में भी ऐसा नेतृत्व मिलना मुश्किल है. उनके साहस ने दुनिया का भूगोल बदल दिया था. यही वजह है कि आज भी बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं.

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि देश उन लोगों को याद करता है, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में योगदान दिया और देश की प्रगति के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के उस कथन का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने इंदिरा गांधी को ‘दुर्गा का अवतार’ और ‘आयरन लेडी’ बताया था.

पटवारी ने कहा कि इंदिरा गांधी की विरासत आने वाली पीढ़ियों, विशेषकर महिलाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा है. उन्होंने कहा कि जब भी महिलाएं कुछ बड़ा हासिल करने की बात सोचेंगी, तो इंदिरा गांधी का नाम सबसे पहले याद आएगा.

कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया. भारत जैसे महान देश की एकता की चर्चा जब भी होगी, उनके बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा.

दूसरी ओर, इजरायली-अमेरिकी रब्बी योसी मिजराची के हिंदू परंपराओं का कथित मजाक उड़ाने वाले वीडियो पर कांग्रेस सांसद प्रभा मल्लिकार्जुन ने कहा कि आयुर्वेद का जन्म भारत में हुआ है और यह देश की आस्था तथा संस्कृति का हिस्सा है. किसी भी संस्कृति के बारे में अपमानजनक टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए.

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गोमूत्र को पवित्र माना जाता है. गाय को मां का दर्जा दिया जाता है और गोमूत्र के कई फायदे हैं. उन्होंने कहा कि किसी की ऐसी सोच होना गलत है.

वहीं, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक नवंबर को प्रस्तावित इंडी गठबंधन की रैली को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि रैली में 10 लाख से अधिक लोग शामिल होंगे. उनके मुताबिक, देशभर में उत्साह का माहौल है और वोट चोरी करने वालों के खिलाफ लोगों में गुस्सा है.

–

एसएके/पीएम