
भोपाल, 31 अक्टूबर . भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद् (सीएसआईआर) की एक घटक प्रयोगशाला, एडवांस्ड मैटेरियल्स एंड प्रोसेसेस रिसर्च इंस्टीट्यूट (एएमपीआरआई), भोपाल ने तकनीकी अधिकारी सहित विभिन्न 14 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है.
सीएसआईआर-एएमपीआरआई की ओर से जारी 14 रिक्तियों में तकनीकी अधिकारी के 7, तकनीशियन के 4, सुरक्षा अधिकारी का 1, सुरक्षा सहायक का 1 और मल्टी टास्किंग स्टाफ का 11 पद शामिल हैं.
तकनीकी अधिकारी और तकनीशियन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि पहले 6 नवंबर तक तय की गई थी, जिसे आगे बढ़ाकर अब 13 नवंबर की शाम 5.30 बजे तक तय किया गया है. वहीं, सुरक्षा अधिकारी, सुरक्षा सहायक और मल्टी टास्किंग स्टाफ पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 अक्टूबर से जारी है और आवेदन की अंतिम तिथि पहले 16 नवंबर तक तय की गई थी, जिसे आगे बढ़ाकर अब 23 नवंबर की शाम 5.30 बजे तक कर दिया गया है.
इन पदों पर नियुक्त होने की इच्छा रखने वाले जिन उम्मीदवारों ने अभी तक अपना आवेदन फॉर्म नहीं भरा है, वे एएमपीआरआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पदों के अनुसार निर्धारित तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से तकनीकी अधिकारी के लिए कम से कम 55 प्रतिशत अंक या इसके बराबर सीजीपीए के साथ मटेरियल साइंस/फिजिक्स या इसके समकक्ष विषय में एमएससी, एमसीए (मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लिकेशन्स) या समकक्ष, रसायन विज्ञान/अनुप्रयुक्त रसायन विज्ञान/रासायनिक विज्ञान में एमएसससी या इसके समकक्ष, मैकेनिकल इंजीनियरिंग/मेटलर्जी/मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग या समकक्ष में बीई/बीटेक, इलेक्ट्रॉनिक्स/इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक या इसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए.
सुरक्षा अधिकारी के लिए पूर्व सैनिक जेसीओ (सूबेदार या उससे ऊपर के रैंक के) या अन्य अर्धसैनिक बलों (पैरा-मिलिट्री फोर्सेज) में समकक्ष रैंक के व्यक्ति, जिनके पास सुरक्षा क्षेत्र में कम से कम 10 वर्षों का अनुभव हो. हालांकि, शॉर्ट सर्विस कमीशन प्राप्त अधिकारियों और सीआरपीएफ/बीएसएफ/आईटीबीपी आदि में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर कार्यरत अधिकारियों, जिनका वेतनमान 8,000 से 13,500 रुपए (संशोधन-पूर्व) है, के लिए अनुभव की अवधि 5 वर्ष होनी चाहिए. अर्धसैनिक बलों के इंस्पेक्टर के मामले में 10 वर्षों का अनुभव होना आवश्यक है.
सुरक्षा सहायक के लिए सेना या अन्य अर्धसैनिक बलों के पूर्व जेसीओ, जिन्हें सुरक्षा कार्यों में 5 वर्षों का अनुभव हो, आवेदन करने के पात्र हैं. तकनीशियन के लिए कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ एसएससी/10वीं कक्षा या इसके समकक्ष विज्ञान विषयों के साथ उत्तीर्ण होने चाहिए.
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पदों के अनुसार 25 से 35 वर्षों के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, ट्रेड टेस्ट, शारीरिक परीक्षण, कौशल मूल्यांकन और प्रतियोगी लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पदों के अनुसार 18,000 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी. इसके अलावा, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है. वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/महिलाएं/पूर्व सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है.
–
डीके/पीएम