
भोपाल, 31 अक्टूबर . मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की इछावर तहसील के ग्राम जमोनिया हते सिंह में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शख्स घरेलू विवाद के चलते 33 केवी बिजली लाइन के खंभे पर चढ़ गया. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जबकि विद्युत विभाग के कर्मचारियों को युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपने घरेलू विवाद से जुड़ी मांगों को मनवाने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़ गया था. जब स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो उसने नीचे उतरने से इनकार कर दिया. इसके बाद मामले की जानकारी बिजली विभाग और प्रशासन को दी गई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. किसी भी अनहोनी से बचने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए और युवक को समझाकर नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए. काफी देर तक चले समझाइश और प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित नीचे लाने में सफलता मिली.
इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही. युवक के हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ने से लोगों की सांसें अटकी रहीं. हालांकि, अच्छी बात यह रही कि खंभे पर लगी लाइन में बिजली नहीं थी और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया.
बता दें कि घरेलू विवाद या अन्य मांगों को लेकर इस तरह हाईटेंशन बिजली के खंभों पर चढ़ना बेहद खतरनाक है. ऐसे कदम न केवल संबंधित व्यक्ति की जान को जोखिम में डालते हैं, बल्कि बिजली विभाग के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं.
प्रशासन की तरफ से आम लोगों से हाईटेंशन बिजली के खंभों और तारों से दूरी बनाए रखने की अपील की जाती रही है, क्योंकि हाईटेंशन तार बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं.
–
डीके/डीकेपी