
नूंह, 1 नवंबर . हरियाणा के नूंह से बड़ी खबर सामने आई है. सदर थाना क्षेत्र के घासेड़ा गांव में सीआईए नूंह और गोतस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई. जानकारी के अनुसार तस्कर ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तस्कर के पैर में गोली लग गई.
आरोपी की पहचान दिलशाद उर्फ दिल्ला निवासी सुडाका के रूप में हुई है. मौके से पुलिस ने 3 गोवंश, एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया है. घायल तस्कर को शहीद हसन खां नल्हड़ मेडिकल कॉलेज नूंह में भर्ती कराया गया है. यह पूरी कार्रवाई सीआईए इंचार्ज निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में हुई.
इससे पहले 17 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के बलिया में भी पुलिस ने एक शातिर गोतस्कर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था. उस मुठभेड़ में भी अपराधी घायल हो गया था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
बलिया में थाना गड़वार में दर्ज एक गोहत्या के मामले में वांछित आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी. बलिया सीओ सतीश कुमार ने बताया था कि आरोपी शाहपुर नट बस्ती नहर पुलिया के पास खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग करने लगा था. पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश सगुनी नट के बाएं पैर में गोली लगी थी.
पुलिस ने घायल तस्कर को सीएचसी रतसड़ में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा था. पूछताछ में पता चला था कि आरोपी अपने साथियों के साथ आवारा गोवंशीय पशुओं को वाहन में लादकर वध के लिए बिहार ले जाता था. आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ था.
23 सितंबर को भी एक ऐसी ही मुठभेड़ हुई थी. उत्तर प्रदेश के जनपद गोंडा में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन गोतस्करों को गिरफ्तार किया था. इस कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी थी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस और चाकू समेत एक मोटरसाइकिल बरामद की थी.
–
वीकेयू/पीएम