पंजाब: आम आदमी पार्टी से निलंबित तीन विधायकों ने थामा भाजपा का दामन

नई दिल्ली, 2 नवंबर . आम आदमी पार्टी के निलंबित तीन विधायकों ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ज्वाइन कर ली. विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा ने भाजपा का दामन थामा.

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, “भाजपा का काफिला दिनों-दिन बढ़ रहा है. बड़ी खुशी हो रही है कि कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा भाजपा में शामिल हो गए हैं. दिल की गहराई से उनका धन्यवाद. आम आदमी पार्टी डूबती नाव है.”

आम आदमी पार्टी ने अपने दो विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था. अब आम आदमी पार्टी विधानसभा स्पीकर से उनकी सदस्यता भी रद्द करने की मांग करेगी. दोनों विधायकों ने भी आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है.

बीते दिन पंजाब के पटियाला जिले की दो विधानसभा सीटों से आम आदमी पार्टी के विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था. हालांकि, पार्टी ने कहा था कि इन दोनों विधायकों को कार्रवाई के तहत निकाला गया है.

विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था. वह पंजाब विधानसभा में सनौर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. वह 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में विधायक चुने गए थे. बताया जा रहा है कि उनकी अपनी ही सरकार ने विधायक पठानमाजरा के खिलाफ कार्रवाई की थी, जिसके बाद उन्होंने पार्टी के खिलाफ तीखे तेवर अपना लिए थे और अब इस्तीफा दे दिया है.

वहीं, समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने भी अपनी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसकी जानकारी दी थी. उन्होंने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था. बताया जा रहा है कि हाल ही में आई आम आदमी पार्टी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में उनका नाम नहीं था, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया है.

चेतन सिंह जोड़ामाजरा साल 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के टिकट पर समाना से भारी मतों से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे. इसके बाद वे भगवंत मान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं.

वहीं, पार्टी से निलंबित विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी पंजाब विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया. उन्होंने विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को अपना इस्तीफा भेज दिया है.

इस पूरे मामले को लेकर पंजाब ‘आप’ प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने एक्स पोस्ट में लिखा था, “आम आदमी पार्टी ने हमेशा पंजाब को प्राथमिकता दी है. अगर हमारे किसी नेता ने कभी भ्रष्टाचार किया या पंजाब के हितों के खिलाफ काम करने की कोशिश की तो हमने बिना किसी हिचकिचाहट के उनके खिलाफ कार्रवाई की और ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर निकाल दिया.”

–

एसडी/डीकेपी