बिहार में केस से नाम हटाने के लिए मांगी रिश्वत, निगरानी ब्यूरो के हत्थे चढ़ा एएसआई

बेगूसराय, 2 नवंबर . बिहार के बेगूसराय जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने सोमवार को साहेबपुर कमाल थाने में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) चंदन कुमार झा को 29 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. आरोपी पुलिस पदाधिकारी पर शराब लदी गाड़ी से जुड़े मामले में एक व्यक्ति का नाम हटाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है. ब्यूरो की टीम ने उसे प्रखंड कार्यालय साहेबपुर कमाल के गेट के सामने सड़क किनारे से गिरफ्तार किया.

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, साहेबपुर कमाल के रहने वाले अमित कुमार ने पटना स्थित ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि साहेबपुर कमाल थाना कांड संख्या 279/26 में एक शराब लदी हुंडई आई-20 गाड़ी पकड़ी गई थी. यह मामला 16 अक्टूबर को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत दर्ज किया गया था.

परिवादी के अनुसार, गाड़ी के मालिक अमित कुमार ने उसे पहले ही एक हजार रुपये के स्टांप पेपर पर बेच दिया था. इसके बावजूद आरोपी एएसआई मामले से उनका नाम हटाने के लिए रिश्वत की मांग कर रहा था. ब्यूरो की टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 127/26 दर्ज किया गया.

अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार के अनुरोध पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक गौतम शरण ओमी के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया. धावादल ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया. ब्यूरो ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे निगरानी के विशेष न्यायालय, भागलपुर में पेश किया जाएगा. मामले में आगे की जांच जारी है.

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 127वां प्राथमिकी दर्ज करने का मामला है. एक कांड दूसरे जिले से स्थानांतरित होने के कारण ब्यूरो अब तक कुल 128 मामलों का अनुसंधान कर रहा है. गिरफ्तार आरोपी इस वर्ष रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया 116वां अभियुक्त है.

ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक दर्ज 116 ट्रैप कांडों में रिश्वत के रूप में कुल 40 लाख 48 हजार 400 रुपये बरामद किए गए हैं. इसके अलावा 37 हजार रुपये मूल्य की एक नई वाशिंग मशीन भी बरामद की गई है. पिछले वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे, जिनमें 37 लाख 80 हजार 300 रुपये की रिश्वत राशि बरामद हुई थी.

–

एमएनपी/पीएम