
पुणे, 2 नवंबर . पुणे के लिए 3 नवंबर का दिन मेट्रो विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण होने जा रहा है. इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में पुणे मेट्रो की लाइन-3 का उद्घाटन और मेट्रो के दूसरे चरण का भूमि पूजन किया जाएगा. ये दोनों समारोह बालेवाड़ी स्थित क्रीड़ा संकुल में आयोजित होंगे. पुणे मेट्रो के प्रमुख श्रवण हर्डीकर ने यह जानकारी देते हुए शहर के सभी नागरिकों को कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण दिया है.
श्रवण हर्डीकर ने बताया कि इन समारोहों में प्रधानमंत्री मोदी के साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहेंगे. 3 नवंबर को होने वाले दोनों कार्यक्रम पुणे के मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. उन्होंने पुणे के नागरिकों से दोनों समारोहों में शामिल होने की अपील की. पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इसमें लाइन-2 का पूर्व और पश्चिम दिशा में विस्तार शामिल है. वर्तमान में वनाज से रामवाड़ी तक जाने वाली इस लाइन के पश्चिमी हिस्से में वनाज से चांदनी चौक तक मेट्रो का विस्तार किया जाएगा.
वहीं, पूर्वी हिस्से में रामवाड़ी से वाघोली होते हुए बिथलवाड़ी तक मेट्रो लाइन का विस्तार प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि इन दोनों विस्तारों की कुल लंबाई लगभग 12 किलोमीटर होगी और इसमें 13 स्टेशन बनाए जाएंगे. इससे मेट्रो नेटवर्क का दायरा बढ़ेगा और शहर के अधिक क्षेत्रों को इससे जोड़ने की योजना है. पुणे मेट्रो के दूसरे चरण के तहत लाइन-4 का भी भूमि पूजन किया जाएगा.
हर्डीकर ने बताया कि यह पूरी लाइन लगभग 29 किलोमीटर लंबी होगी. इस पर कुल 27 स्टेशन प्रस्तावित हैं. उन्होंने कहा कि लाइन-2 के विस्तार और लाइन-4 के निर्माण से संबंधित दोनों परियोजनाएं पुणे के मेट्रो नेटवर्क को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगी. इन दोनों परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 13,500 करोड़ रुपए है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के हाथों इन परियोजनाओं का भूमि पूजन होने जा रहा है, यह उनके लिए खुशी की बात है.
हर्डीकर ने कहा कि पुणे मेट्रो के दूसरे चरण में प्रस्तावित विस्तार से शहर में मेट्रो की पहुंच बढ़ाने की दिशा में काम होगा. उन्होंने सभी नागरिकों से 3 नवंबर को बालेवाड़ी स्थित क्रीड़ा संकुल में आयोजित होने वाले उद्घाटन और भूमि पूजन समारोहों में शामिल होने का आग्रह किया.
–
पीएसके/वीसी