तरुण तेजपाल मामले में Supreme Court में सुनवाई टली, अब 5 नवंबर को होगी अगली सुनवाई

नई दिल्ली, 3 नवंबर . सहयोगी के यौन शोषण मामले में दोषी तहलका पत्रिका के पूर्व मुख्य संपादक तरुण तेजपाल की सजा को चुनौती देने वाली याचिका और गोवा सरकार की सजा बढ़ाने की मांग वाली याचिका पर Supreme Court में सुनवाई टल गई है. अब Supreme Court 5 नवंबर को इस मामले में सुनवाई करेगा.

सुनवाई के दौरान तरुण तेजपाल के वकील कपिल सिब्बल ने कोर्ट से मांग की कि तेजपाल को दीपावली में घर जाने की इजाजत दी जाए. सिब्बल की इस मांग का गोवा सरकार की तरफ से विरोध किया गया.

बता दें कि 25 अगस्त को Supreme Court ने तेजपाल को तीन हफ्ते के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया था. इससे पहले 6 अगस्त 2026 को बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा बेंच ने वर्ष 2013 के एक होटल की लिफ्ट में जूनियर सहयोगी के साथ दुष्कर्म के मामले में निचली अदालत के बरी करने के फैसले को पलट दिया था. हाईकोर्ट ने तेजपाल को दोषी ठहराते हुए 10 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई थी.

इससे पहले 15 अक्टूबर की सुनवाई में Supreme Court ने मामले की सुनवाई 3 नवंबर तक के लिए टाल दी थी. गोवा सरकार ने Supreme Court को बताया था कि उसने तरुण तेजपाल की याचिका पर अपना जवाब दाखिल कर दिया है.

25 सितंबर को भी सहयोगी के यौन शोषण मामले में दोषी तरुण तेजपाल की सजा को चुनौती देने वाली याचिका पर Supreme Court ने नोटिस जारी किया था. तरुण तेजपाल ने बॉम्बे हाईकोर्ट की ओर से दी गई 10 साल की सजा के खिलाफ Supreme Court में याचिका दायर की थी.

Supreme Court ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए गोवा सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था. तेजपाल के वकील कपिल सिब्बल ने कोर्ट को बताया था कि Supreme Court के आदेश के बाद तेजपाल ने सरेंडर कर दिया है. इस पर Supreme Court ने नोटिस जारी करते हुए कहा था कि वह अगली सुनवाई की तारीख जल्द तय करेगा.

14 सितंबर को तहलका के पूर्व एडिटर-इन-चीफ तरुण तेजपाल ने गोवा की एक अदालत में सरेंडर किया था. इसके बाद उन्हें उत्तरी गोवा के कोलवाले सेंट्रल जेल ले जाया गया था. उन्होंने हाईकोर्ट की सजा के कुछ हफ्ते बाद सरेंडर किया था.

–

वीकेयू/पीएम