ओडिशा : चक्रवात ‘अर्नब’ प्रभावित परिवारों के लिए सरकार ने मंजूर की 107.70 करोड़ की राशि

भुवनेश्वर, 4 नवंबर . चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए ओडिशा सरकार ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से 107.70 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की है. यह राशि गंजम और कोरापुट जिलों के प्रभावित परिवारों को अनुग्रह सहायता के रूप में प्रदान की जाएगी.

मुख्यमंत्री द्वारा घोषित राहत पैकेज के तहत यह वित्तीय सहायता प्रभावित परिवारों को सीधे नकद सहायता के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी. सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, गंजम जिले के लिए 107 करोड़ 44 लाख 55 हजार रुपये और कोरापुट जिले के लिए 26 लाख 27 हजार 500 रुपये मंजूर किए गए हैं.

राहत पैकेज के तहत गंजम जिले के 4,29,782 प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार 2,500 रुपये की अनुग्रह सहायता दी जाएगी. वहीं कोरापुट जिले के 1,051 प्रभावित परिवारों को भी प्रति परिवार 2,500 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी. मंजूर की गई राशि संबंधित जिलों के कलेक्टरों को उपलब्ध करा दी गई है.

जिला प्रशासन निर्धारित नियमों और दिशानिर्देशों के अनुसार पात्र परिवारों को जल्द से जल्द सहायता राशि वितरित करेगा. राज्य सरकार ने कहा कि यह कदम प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. सरकार का कहना है कि चक्रवात से प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराकर उनके पुनर्वास और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी.

इस बीच ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है. इस मुलाकात की जानकारी खुद सीएम माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी है. सीएम ने लिखा कि नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. ओडिशा में चक्रवात के बाद की स्थिति, राहत और पुनर्निर्माण कार्यों, तथा आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के बारे में चर्चा की. केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया.

–

एएमटी/पीएम