अग्निवीरों से जुड़े फैसले को लेकर शिवसेना ने सरकार को सराहा, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

नई दिल्ली, 5 नवंबर . शिवसेना प्रवक्ता अरुण सावंत ने अग्निवीरों को 4 साल की सेवा के बाद स्थायी नौकरी देने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे विपक्ष का यह आरोप गलत साबित हो गया कि अग्निवीरों को सड़क पर छोड़ दिया जाएगा. उन्होंने महाराष्ट्र सरकार की ओर से किसानों को दी गई 7,500 करोड़ रुपए की अग्रिम सहायता का भी जिक्र किया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर झूठा नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया.

शिवसेना प्रवक्ता अरुण सावंत ने कहा, “जो अग्निवीर सेवा कर रहे हैं. उन्हें पहले डर था कि आगे क्या होगा. इसे लेकर देश के प्रधानमंत्री मोदी ने कैबिनेट में मंजूरी दी कि जिस अग्निवीर ने अपनी चार साल की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें स्थायी रूप से सेना में ही नौकरी दी जाएगी और स्थायी सेवा करने वालों की मान्यता मिलेगी. इससे क्या होने वाला है? देश में विपक्ष जो झूठे आरोप लगा रहा था कि अग्निवीरों को सेवा के बाद सड़क पर छोड़ दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं है. उनकी नौकरियां अब स्थायी रूप में मानी जाएंगी. बेरोजगारी कम करने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है. इस कदम का मैं पूरे महाराष्ट्र की ओर से स्वागत करता हूं.”

उन्होंने कहा कि यह बहुत ही अच्छी बात है. महाराष्ट्र सरकार और महायुति सरकार ने जो वादा किसानों से किया था कि हम आपके पीछे डटकर खड़े रहेंगे, आप चिंता मत कीजिए, उसे निभाते हुए महाराष्ट्र सरकार ने किसानों को बांटने के लिए 7,500 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं. बुधवार को 3,650 हजार करोड़ रुपए किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से डाल दिए गए. पांच हजार रुपए के हिसाब से यह रकम किसानों को दी गई है. यह रकम अग्रिम सहायता के तौर पर दी गई है. यह अंतिम नहीं है. इसके बाद केंद्र सरकार से जो मदद आने वाली है, उसमें राज्य सरकार भी अपने पैसे जोड़कर किसानों के खातों में सहायता देने वाली है.

शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि दीपावली का मौका है. इस त्योहार पर किसानों की दीपावली फीकी न रह जाए, उनके घर में भी कुछ न कुछ मिठाई हो, इसलिए सरकार ने यह अग्रिम रकम उनके खातों में डाली है. मेरी सरकार से दरख्वास्त है कि जिस प्रकार से आप किसानों की मदद कर रहे हैं, उसी प्रकार किसान अपनी खेती में जो जानवर रखते हैं, चाहे गाय हो, भैंस हो या अन्य पशु, उनके लिए चारे और पानी की व्यवस्था भी जल्द से जल्द की जाए.

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अरुण सावंत ने कहा कि राहुल गांधी हर दिन कुछ न कुछ पोस्ट करके या बयान देकर इस देश और महाराष्ट्र की जनता को गुमराह करने की कोशिश करते हैं. झूठा नैरेटिव फैलाना उनका धर्म बन गया है. एक तरफ वे कहते हैं कि इस देश में लोकतंत्र बचा नहीं है, चुनाव गलत तरीके से हो रहे हैं. अभी देखिए उनका दोहरापन. महाराष्ट्र में किसानों और दुग्ध उत्पादकों ने जिन्हें चुनना था, उन्हें चुना. भाजपा की हार हुई, ऐसा खुद राहुल गांधी बता रहे हैं. इसका मतलब वोटिंग में किसी भी प्रकार की चोरी नहीं हो रही, यह साबित हो गया.

शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र को लेकर यह बात बिल्कुल सही है कि पूरे देश में विपक्षी दल, खासकर कांग्रेस, राहुल गांधी और उनके अन्य नेता, जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं कि संविधान खतरे में है, लोकतंत्र खतरे में है. लेकिन ऐसी कोई बात नहीं है. उनके इस गलत प्रचार को रोकने के लिए भारतीय जनता पार्टी और हम शिवसेना मिलकर महाराष्ट्र और देश के विभिन्न हिस्सों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ रैलियां निकाल रहे हैं, ताकि जनता को सच और झूठ का फर्क समझ में आए.

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) और उद्धव बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना लगातार यह नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रही है कि यहां अराजकता फैली हुई है और लोकतंत्र खतरे में है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. महाराष्ट्र हो या देश, पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और यहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में लोकतंत्र पूरी तरह मजबूत है. यहां जनता भी खुश है और किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने की कोशिश को हम सफल नहीं होने देंगे. झूठे नैरेटिव को भी फैलने नहीं देंगे.

शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वहां के मुख्यमंत्री जो अभियान चला रहे हैं या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जो रैलियां निकाली जा रही हैं, वैसी रैलियां हर सप्ताह होनी चाहिए, क्योंकि देश की 150 करोड़ जनता को सच्चाई बताना हमारा धर्म है. केंद्र सरकार और महाराष्ट्र सरकार लोकतंत्र को मजबूत बनाने और देश में लोकतंत्र की रक्षा करने का कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ कर रही है.

–

केके/एबीएम