एसआईआर और वोट चोरी पर प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में संसद में बहस हो: रविदास मेहरोत्रा

लखनऊ, 5 नवंबर . समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने एसआईआर, कथित वोट चोरी, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग और विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि संसद का विशेष सत्र बुलाया जाए और उसमें प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में वोट चोरी, एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश को हटाने के मुद्दे पर खुली बहस हो. मेहरोत्रा ने कहा कि इस बहस को पूरा देश सुने, ताकि चुनावी प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट हो सके. उन्होंने अमित शाह की राहुल गांधी को संसद में बहस की चुनौती पर भी प्रतिक्रिया दी.

अमित शाह द्वारा राहुल गांधी को वोट चोरी के मुद्दे पर संसद में चर्चा की चुनौती दिए जाने पर मेहरोत्रा ने कहा कि विपक्ष संसद में बहस से पीछे नहीं हट रहा है. विपक्ष की मांग है कि प्रधानमंत्री भी इस चर्चा में शामिल हों. एसआईआर, वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग जैसे मुद्दों पर संसद में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए. भाजपा सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त को बचाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस की प्रवृत्ति बताया था, सपा विधायक ने पलटवार किया. मेहरोत्रा ने कहा कि भाजपा सरकार सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग का इस्तेमाल अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए कर रही है. जब सरकार इन संस्थाओं का दुरुपयोग करेगी, तो विपक्ष उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाएगा. विपक्षी नेताओं के खिलाफ विद्वेष और बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है.

राहुल गांधी के आवास पर होने वाली विपक्षी नेताओं की बैठक को लेकर भी मेहरोत्रा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग पर देशभर में आंदोलन चल रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी पूरी ताकत लगाकर इस आंदोलन को रोकने का प्रयास कर रही है. इंडिया गठबंधन के दलों की बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा होगी और इसके बाद देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी.

सपा नेता आजम खान की ईडी मामले में जमानत याचिका पर Supreme Court के रुख को लेकर मेहरोत्रा ने कहा कि अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए हाई कोर्ट जाने को कहा है. अब आजम खान का मामला हाई कोर्ट में सुना जाएगा. उन्होंने भरोसा जताया कि हाई कोर्ट से आजम खान को पूरा न्याय मिलेगा.

तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय पर छापेमारी और वहां से 1.2 करोड़ रुपए नकद बरामद होने की खबर पर मेहरोत्रा ने भाजपा सरकार पर जांच एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के जरिए विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई की जा रही है. सरकार जनता को मुख्य मुद्दों से भटकाना चाहती है. उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ जनता में आक्रोश है और लोग बदलाव का मन बना चुके हैं. विपक्षी नेताओं पर मुकदमे और दबाव बनाकर डर का माहौल तैयार किया जा रहा है.

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की राहुल गांधी को वरिष्ठ नेताओं और संसद का सम्मान करने की सलाह पर मेहरोत्रा ने कहा कि विपक्ष की सभी पार्टियां संसद का सम्मान करती हैं, लेकिन भाजपा सरकार जनता के मुद्दों पर चर्चा नहीं चाहती. उन्होंने दिल्ली में युवाओं के आंदोलन का जिक्र करते हुए लाठीचार्ज, पैलेट गन के इस्तेमाल, बेटियों के कपड़े फाड़े जाने और बैरिकेडिंग पर करंट लगाने के आरोप लगाए. ये सब किसके आदेश पर हुआ. सरकार दमन और अन्याय के जरिए विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है.

दिल्ली दंगों से जुड़े बड़े साजिश मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर उन्होंने कहा कि मामले की सुनवाई Supreme Court में होगी और अदालत जो फैसला करेगी, सभी पक्षों को उसका सम्मान करना चाहिए. लगातार जमानत याचिकाएं खारिज होने और गठबंधन के नेताओं की ओर से रिहाई की मांग किए जाने के सवाल पर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नफरत फैला रही है और बड़े वकीलों के जरिए लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि Supreme Court से इस मामले में न्याय मिलेगा.

–

पीएसके