पीएम मोदी के ‘अपनेपन’ ने पैरा एथलीट्स का जीता दिल, अशोक मलिक को अपने हाथ से खिलाया चूरमा

नई दिल्ली, 5 नवंबर . एशियन पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय एथलीट्स गुरुवार को इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले. इस दौरान पुरुषों की 65 किलोग्राम पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में सिल्वर जीतने वाले अशोक कुमार मलिक अपने साथ चूरमा लेकर आए थे. पीएम मोदी ने बड़े अपनेपन और प्यार से अशोक को अपने हाथों से चूरमा खिलाया और फिर उन्हें पास खड़े अन्य खिलाड़ियों को भी चूरमा खिलाने को कहा.

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद अशोक कुमार मलिक ने ‘ ’ को बताया, “यह एक बहुत ही शानदार बातचीत थी. मेरा इवेंट दो दिन पहले हुआ था, और जब मैंने सर से बात की, तो उन्होंने मुझसे कहा, ‘आप सच में बहुत भाग्यशाली हैं.’ उनके ये शब्द सुनकर मुझे बहुत खुशी हुई. उन्होंने हमें आगे बढ़ते रहने और एलए गेम्स की तैयारी शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने मुझसे यह भी कहा कि मैं जो चूरमा साथ लाया हूं, उसे अपने सभी एथलीट्स साथी के साथ बांट लूं, जिससे हम सभी को बहुत खुशी हुई.”

वहीं, पूजा जत्यान के साथ मिलकर महिला रिकर्व डबल्स इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल करने वालीं तीरंदाज भावना चौधरी ने पीएम से हुई मुलाकात पर कहा, “प्रधानमंत्री मोदी हमेशा हमारे साथ खड़े रहते हैं. हमें ऐसा लगता है जैसे वे हमारे दोस्त हैं, जो हमारे लिए इतना कुछ कर रहे हैं, और यह जानकर बहुत अच्छा लगता है. अब एथलीट्स को बहुत सारे अवसर मिल रहे हैं. अगर आप पहले की स्थिति की आज से तुलना करें, तो अब हमें कहीं ज्यादा समर्थन मिल रहा है.”

महिलाओं की व्यक्तिगत डब्ल्यू1 तीरंदाजी स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने वालीं स्वाति चौधरी ने कहा, “भले ही मेरी उनसे सीधे बातचीत नहीं हो पाई, लेकिन उनसे मिलना ही अपने आप में बहुत शानदार अनुभव था. उनसे मिलकर बहुत खुशी हुई और मन में गर्व की भावना जागी, जो भविष्य के लिए एक बड़ी प्रेरणा का काम करती है. खेलों को लेकर प्रधानमंत्री का विजन और उनके विचार न केवल सामान्य एथलीट्स के लिए, बल्कि पैरा-एथलीट्स के लिए भी बहुत बड़ा प्रोत्साहन है.”

प्रणव सूरमा ने देश के लिए 2 गोल्ड जीते. उन्होंने पुरुषों की डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) एफ51/52/53 और पुरुषों की क्लब थ्रो एफ51 इवेंट में देश के लिए सोने का तमगा जीता. पीएम मोदी से मुलाकात के बाद प्रणव सूरमा ने बताया, “जब आप इतने बड़े मंच से जीत कर लौटते हैं तो देश के प्रधानमंत्री से मिलने का मौका मिलना अपने आप में बहुत उत्साहजनक होता है. आज वह सौभाग्यपूर्ण दिन था जब प्रधानमंत्री ने हमें अपना कीमती समय दिया, सभी एथलीट्स से बातचीत की और हमें इतना प्रोत्साहन और प्रेरणा दी कि हम आगे भी कड़ी मेहनत करते रहें. हम बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन करें, ताकि हमें उनसे एक बार फिर मिलने का मौका मिल सके.”

जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदक जीते, जिसमें 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं.

–

आरएसजी/डीकेपी