भारत-इंडोनेशिया के विशेष बलों ने 48 घंटे तक जंगल में किया युद्धाभ्यास

नई दिल्ली, 6 नवंबर . भारत और इंडोनेशिया के विशेष बलों ने संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘गरुड़ शक्ति-2026’ सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. अभ्यास के अंतिम चरण में दोनों देशों के सैनिकों ने इंडोनेशिया में लगातार 48 घंटे तक युद्ध जैसी परिस्थितियों में अभियान चलाया. जंगलों में कठिन सैन्य अभियानों को अंजाम दिया. युद्धक क्षमता, सहनशक्ति और संयुक्त रूप से काम करने की दक्षता का प्रदर्शन किया.

अभ्यास के दौरान सैनिकों ने घने जंगलों और दुर्गम इलाकों में विशेष सैन्य अभियान चलाने का प्रशिक्षण लिया. इसमें सटीक निशानेबाजी, बाधाओं को पार करना, पर्वतीय अभियानों, हेलीकॉप्टर से सैनिकों को उतारने, सामरिक गश्त और दुश्मन की गतिविधियों के निशान पहचानकर उसका पीछा करने जैसी गतिविधियां शामिल रहीं.

हेलीकॉप्टर से सैनिकों को उतारने के अभ्यास में हवाई हमले की पूरी प्रक्रिया को दोहराया गया. इसमें सैनिकों को तेजी से निर्धारित स्थान पर उतारने, उतरने के क्षेत्र को सुरक्षित करने, घने जंगलों में सामरिक गश्त करने और सौंपे गए मिशन को अंजाम देने का प्रशिक्षण शामिल था. इस अभ्यास से दोनों देशों के सैनिकों के बीच तालमेल और कठिन परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई करने की क्षमता को परखा गया. जंगलों में दुश्मन की गतिविधियों का पता लगाने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया.

इसके तहत सैनिकों ने जमीन पर मौजूद निशानों, मिट्टी में बदलाव और आसपास की अन्य गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण कर किसी व्यक्ति या दल की आवाजाही का पता लगाने की तकनीक सीखी. इसके अलावा, सामरिक अभियानों के दौरान निगरानी और टोह लेने के लिए ड्रोन के इस्तेमाल का भी अभ्यास किया गया.

इससे सैनिकों को अपने आसपास की परिस्थितियों पर बेहतर नजर रखने और अभियान से जुड़ी जानकारी जुटाने का प्रशिक्षण मिला. अभ्यास का सबसे महत्वपूर्ण चरण 48 घंटे का सत्यापन युद्धाभ्यास रहा. इसमें पिछले सात दिनों के दौरान हासिल किए गए कौशल को वास्तविक अभियान जैसी परिस्थितियों में परखा गया.

सैनिकों को लगातार 48 घंटे तक विभिन्न सैन्य गतिविधियों को अंजाम देना पड़ा. इस दौरान गश्त, दुश्मन के निशानों का पीछा करने, पर्वतीय अभियानों और विशेष बलों से जुड़े अन्य कार्यों में उनकी दक्षता का आकलन किया गया. साथ ही, उनकी शारीरिक सहनशक्ति, आपसी समन्वय और संयुक्त मिशन को सफलतापूर्वक पूरा करने की क्षमता भी परखी गई.

भारत और इंडोनेशिया के बीच संयुक्त विशेष बल अभ्यास ‘गरुड़ शक्ति’ का यह 11वां संस्करण था. इसका आयोजन इंडोनेशिया के बन्युवांगी में किया गया. इस अभ्यास में भारतीय सेना की पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) और इंडोनेशिया के विशेष बलों के जवानों ने हिस्सा लिया.

समापन समारोह में इंडोनेशिया में भारत के राजदूत और इंडोनेशियाई सेना के डिवीजन-2 के कमांडर शामिल हुए. अभ्यास के सभी प्रशिक्षण उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया. ‘गरुड़ शक्ति-2026’ ने भारत और इंडोनेशिया के विशेष बलों के बीच पेशेवर संबंधों को और मजबूत किया है.

इस अभ्यास के जरिए दोनों देशों के सैनिकों को एक-दूसरे के अनुभवों और युद्धक तकनीकों को समझने का अवसर मिला. साथ ही, संयुक्त सैन्य अभियानों में बेहतर तालमेल और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी मजबूत हुई है.

–

जीसीबी/एसके