मुख्यमंत्री योगी ने दीपावली पर साधु-संतों से की मुलाकात, दिए उपहार

अयोध्या, 8 नवम्बर . उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में संतों से भेंट की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने विभिन्न अखाड़ों और मठों में पहुंचकर संतजन का हालचाल जाना और दीपावली पर उपहार भेंट किया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी जाकर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया और इसके बाद राम मंदिर में रामलला के दर्शन व विशेष पूजा-अर्चना की.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले दिगंबर अखाड़े पहुंचे. यहां उन्होंने महंत सुरेश दास से मुलाकात की. इस मौके पर संत राम लखन दास भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उपहार भेंट किए. इस दौरान दोनों संतों के बीच प्रदेश और समाज से जुड़े विषयों पर चर्चा भी हुई.

मुख्यमंत्री योगी बड़ा भक्त महल भी पहुंचे. यहां उन्होंने महंत कौशल किशोर दास जी महाराज से मुलाकात की. उन्होंने महाराज जी का हालचाल जाना और दीपावली पर उपहार भेंट अर्पित किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास जी से मिलने मणिराम दास छावनी पहुंचे. उन्होंने महंत जी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके दीर्घायु होने की कामना करते हुए दीपावली के उपहार प्रदान किया.

इस वर्ष अयोध्या में 10वां दीपोत्सव मनाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों का प्रतीकात्मक राजतिलक और पुष्पवर्षा की.

–

विकेटी/पीएम