एक गोली जवानों के प्राण ले सकती है और केंद्र सरकार अग्निवीर योजना में दो साल बढ़ाकर बांट रही खैरात: प्रमोद तिवारी

नई दिल्ली, 8 नवंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार दिवाली मनाने के लिए छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में जवानों के बीच पहुंचे. एक तरफ जहां भाजपा नेताओं ने पीएम मोदी के इस दौरे का स्वागत किया है. वहीं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा है कि पीएम मोदी जब बस्तर गए हैं, जहां कांग्रेस नेतृत्व का सफाया हुआ था, तो उन्हें भी प्रणाम करना चाहिए.

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि देश नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है. एक संगठन था, जो बस्तर में बाबा साहेब के संविधान को मानने से इनकार करता था, लेकिन आज हर जगह बाबा साहेब का संविधान लागू है. बस्तर में नक्सली कैडर खत्म हो चुका है. जवानों की वजह से नक्सली खत्म हुए हैं, ऐसे में पीएम मोदी का उनके बीच जाना यह संदेश है कि बस्तर अब पूरी तरह आतंक मुक्त है.

वहीं, राजनांदगांव से भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि बस्तर में शांति पीएम मोदी की वजह से आई है. पीएम मोदी ने निश्चय किया है कि छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त करना है. वहां भी दीपावली अच्छे से मनाई जाएगी. आज वहां भी खुशियों की बहार है.

लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर पीयूष गोयल ने कहा कि उन्होंने भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने में योगदान दिया है. हम उन पर गर्व करते हैं. हम उनके मार्ग पर चलते रहेंगे. पार्टी का हर कार्यकर्ता देश को पहले रखेगा और स्वयं को आखिरी में रखेगा. यही प्रेरणा हमें सादगी और सरलता के साथ काम करने के लिए प्रेरित करती है. देश को विरासत और विकास के साथ नई ऊंचाई पर ले जाने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है, यही आडवाणी के लिए हमारी भेंट है.

वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के बस्तर दौरे को लेकर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि जिन वीर जवानों ने वहां अपना बलिदान दिया और वहां अमन-चैन वापस लौटाया है, उन्हें हम प्रणाम करते हैं. सवाल यह है कि पीएम मोदी, बदले में आपने क्या दिया है? आपने भारतीय सेना और जवानों को अनिश्चित भविष्य दिया है. पहले भारत की सेना में जो भर्ती होती थी, तो वह वर्दी उसके शरीर पर जीवनभर रहती थी. उन्हें तमाम सुविधाएं मिलती थीं, लेकिन आपने अग्निवीर योजना शुरू की और दो साल बढ़ाकर आप खैरात बांट रहे हैं.

कांग्रेस सांसद ने कहा कि एक गोली जवानों के प्राण ले सकती है. उनकी सुरक्षा और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए पहले जैसी व्यवस्था क्या आप बहाल कर पाएंगे? अगर नहीं कर सकते, तो आपके बस्तर जाने का कोई तुक नहीं है.

उन्होंने भाजपा नेता नितिन नवीन पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी सीट भी नहीं बचा पाए. इससे उन्हें समझ लेना चाहिए कि जनता उन्हें पसंद नहीं करती है. जनता महंगाई, बेरोजगारी और भाजपा की वादाखिलाफी से काफी नाराज है. राहुल गांधी त्याग, संघर्ष और शौर्य के प्रतीक हैं. उनकी दादी और पिता ने देश के लिए आहुति दी है. क्या भाजपा में ऐसा कोई है, जिससे उनकी तुलना की जा सके?

–

एएमटी/वीसी