दरभंगा में रिश्ते हुए शर्मसार, चाचा की हत्या कर भाग रहा भतीजा एक्सीडेंट के बाद गिरफ्तार

दरभंगा, 9 नवंबर . बिहार के दरभंगा जिले में दीपावली की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया. यहां आपसी विवाद में भतीजे ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी.

घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हथियार बरामद किया है.

इस घटना की जानकारी देते हुए दरभंगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कल शाम को पुलिस को सूचना मिली थी कि गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की.

एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि हत्या करने वाला आरोपी घटना के बाद भाग रहा था. इसी दौरान बहेड़ा थाना क्षेत्र में उसका एक्सीडेंट हो गया. एक्सीडेंट की सूचना पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से एक पिस्टल और चालीस जिंदा कारतूस बरामद किए गए.

उन्होंने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को दो खोखे भी मिले हैं. प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि कुल चार गोलियां चलाई गईं. घटना आपसी विवाद के कारण हुई है. मृतक और आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं. मृतक आरोपी का चाचा लगता था.

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ पाया है. लेकिन दोनों के बीच लंबे समय से वाद-विवाद चल रहा था, जिसने आखिरकार इस खूनी वारदात का रूप ले लिया. यह विवाद वर्ष 2010 से चला आ रहा था.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से बरामद खोखों और हथियार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके.

–

पीआईएम/एबीएम