
कोलकाता, 9 नवंबर . कोलकाता के कालीघाट इलाके में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के जश्न को लेकर उठे विवाद पर भाजपा नेता नाजिया इलाही खान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद भी तृणमूल कांग्रेस का रवैया नहीं बदला है.
से बातचीत में नाजिया इलाही खान ने कहा कि अभिषेक बनर्जी एक सांसद हैं और संवैधानिक पद पर बैठे हुए हैं. इसके बावजूद सड़क पर जश्न मनाने की जिद की गई. सड़क किसी की निजी संपत्ति नहीं है. सड़क पैदल चलने वालों और आम जनता के लिए होती है. सड़क को बंद करके हुड़दंग और नेतागिरी दिखाना स्वीकार नहीं किया जा सकता. मौजूदा सरकार इस तरह की गतिविधियों को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी.
नाजिया इलाही खान ने कहा कि एक तरफ पूरे पश्चिम बंगाल में हिंदू समुदाय काली पूजा का उत्सव मना रहा है. लोगों ने पूरे उत्साह के साथ पूजा में हिस्सा लिया है. आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल के हिंदू इतने खुश नजर आ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी को यह खुशी बर्दाश्त नहीं हो रही है और वे लगातार इस पर सवाल उठा रही हैं. यही रवैया ही उनकी पार्टी को नुकसान पहुंचा रहा है.
अभिषेक बनर्जी को पुलिस की ओर से नोटिस भेजे जाने के मामले पर भी नाजिया इलाही खान ने कहा कि सिर्फ कालीघाट पुलिस स्टेशन ने ही नोटिस क्यों भेजा है. गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन ने अब तक अभिषेक बनर्जी को नोटिस क्यों नहीं दिया है. अक्टूबर महीने के अंत में उन्होंने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज कराई थी. कानूनी प्रक्रिया के अनुसार अब तक उस मामले में भी नोटिस चला जाना चाहिए था. पंद्रह-सोलह दिन बीत जाने के बाद भी नोटिस क्यों नहीं पहुंचा, इस पर उन्होंने सवाल उठाया.
नाजिया इलाही खान ने आगे कहा कि अगर अभिषेक बनर्जी के घर पर दो बार, सात बार या जितनी बार भी हमला हुआ है, तो उन्होंने कानूनी रूप से क्या कदम उठाए हैं. क्या उन्होंने इस संबंध में कोई शिकायत पत्र दिया है. हमला किसने किया, कब किया और कहां किया, इसकी जानकारी पुलिस को दी गई है या नहीं, यह भी सामने आना चाहिए. अगर शिकायत दी गई है तो वह शिकायत पत्र सार्वजनिक किया जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर आकर पुलिस प्रशासन और मुख्यमंत्री को धमकी दी जा रही है, लेकिन शिकायत पत्र नहीं दिखाया जा रहा है.
तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नाजिया इलाही खान ने कहा कि अगर बॉर्डर फेंसिंग के लिए जमीन पहले ही दे दी गई थी, तो ममता बनर्जी ने बॉर्डर पर जाकर कितनी बार निरीक्षण किया. बीएसएफ के जवानों से कितनी बार मुलाकात की. मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों के साथ कितनी बार बैठक की. ममता बनर्जी को इस बारे में आंकड़े देने चाहिए कि उन्होंने फेंसिंग को लेकर अधिकारियों से क्या-क्या सवाल पूछे?
उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठिए ही तृणमूल के वोटर रहे हैं. उन्होंने कहा कि साल 2024 में जब बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन चल रहा था, तब ममता बनर्जी ने वहां के लोगों को पश्चिम बंगाल में आने का निमंत्रण दिया था. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे थे, मंदिर तोड़े जा रहे थे और स्वामी चिन्मय प्रभु के साथ मारपीट की जा रही थी. ऐसे लोगों को निमंत्रण देना गलत था. उन्होंने कहा कि अब वही लोग फेंसिंग की बात कर रहे हैं, जो झूठ है.
उन्होंने कहा कि झूठ के पैर लंबे नहीं होते. अब जमाना बदल चुका है. यह पंडित जवाहरलाल नेहरू का जमाना नहीं है, जब रेडियो पर कही गई बात को ही जनता सच मान लेती थी. अब जमाना स्मार्ट हो चुका है. यह प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ का जमाना है. पश्चिम बंगाल की जनता भी अब आधुनिक हो चुकी है और उसे सब कुछ पता है.
नई सरकार पर दमन की रणनीति अपनाने के आरोपों पर नाजिया इलाही खान ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार ने क्या किया है, यह किसी से छिपा नहीं है. आज भी पश्चिम बंगाल में एक लाख नागरिकों पर सिर्फ 105 पुलिस अधिकारी हैं. पंद्रह साल में पुलिस अधिकारियों की भर्ती और संख्या बढ़ाने का काम क्यों नहीं किया गया. आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल के 40-42 ऐसे घरों में बिजली पहुंच रही है, जिनमें पहले बिजली नहीं थी. इस बारे में ममता बनर्जी को जवाब देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने अपने परिवारवाद की राजनीति की है. पश्चिम बंगाल में अब भाजपा की सरकार है, यहां कानून-व्यवस्था और संवैधानिक सरकार है. पश्चिम बंगाल को मुख्यमंत्री के रूप में भगवान शिव का अवतार मिला है.
–
पीआईएम/एबीएम