नक्सल-मुक्त भारत की पहली दिवाली, दिमागी नक्सल अभी बचे हैं : भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक

पटना, 9 नवंबर . भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद यह पहली दिवाली है. जैसे राम द्वारा रावण वध के बाद सत्य की वापसी हुई थी, वैसे ही हिंसक नक्सलवाद पर जीत मिली है, लेकिन दिमागी नक्सल अभी बचे हुए हैं. उन्होंने दिल्ली-पटना में प्रदूषण पर सरकारों के काम का बचाव किया.

भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा, “नक्सलवाद के खात्मे के बाद यह पहली दिवाली है. हम दिवाली इसलिए मनाते हैं क्योंकि जब राम ने रावण का वध किया और अयोध्या वापस लौटे, तब बुराई पर विजय पाकर सत्य की वापसी हुई थी. उसी तरह नक्सलवाद पर जीत के बाद यह पहली दिवाली है. सही मायनों में एक नक्सल-मुक्त भारत का जो सपना हमने देखा था, वह हिंसक नक्सलवाद के संदर्भ में काफी हद तक पूरा हुआ है, लेकिन दिमागी नक्सल अभी तक बचे हुए हैं.”

उन्होंने कहा कि ये दिमागी नक्सल, जो आप रोज उपद्रव देखते हैं, कभी कोई जनता पार्टी प्रकट हो जाती है, कभी कोई सिविल सोसायटी सामने आ जाती है, तो कभी कोई अराजक तत्व प्रकट हो जाता है. ये सब दिमागी नक्सल हैं.

दिल्ली में प्रदूषण को लेकर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के पोस्ट पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली में केंद्र सरकार और राज्य सरकार दोनों बहुत गंभीरता से इस पर काम कर रही हैं. जब से नई दिल्ली की सरकार आई है, पिछले दो वर्षों में इस पर काफी तेजी से काम हुआ है. निश्चित तौर पर यह कोई एक दिन की समस्या नहीं है कि इसे तुरंत हल कर लिया जाए. अक्सर नवंबर-दिसंबर में यह समस्या बढ़ती है और इसके कई कारण हैं, जिन पर केंद्र और राज्य दोनों सरकारें गंभीरता से काम कर रही हैं.

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी गंभीरता से काम कर रही है. पंजाब सरकार निश्चित तौर पर समस्या उत्पन्न कर रही है, लेकिन यह कुछ दिनों की बात है. मुझे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस पर निश्चित तौर पर काबू पाया जाएगा.

पटना में भी वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति को लेकर अजय आलोक ने कहा कि दिवाली के बाद निश्चित तौर पर जब पटाखे जलते हैं, दीप प्रज्ज्वलित होते हैं और अन्य गतिविधियां होती हैं, तो प्रदूषण बढ़ता है. हमारे देश की भौगोलिक स्थिति, एक ट्रॉपिकल कंट्री होने के नाते, ऐसी है कि इस समय प्रदूषण का प्रभाव अधिक दिखाई देता है. यह केवल सरकारों का काम नहीं है, जनता को भी सजग होना पड़ेगा और मिलकर मुकाबला करना होगा.

अभिषेक बनर्जी के घर पर हमले को लेकर ममता बनर्जी के बयान पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ये लोग छटपटा गए हैं, तिलमिला गए हैं. कभी Supreme Court को दोष देते हैं, कभी भाजपा को दोष देते हैं. इनके पास कोई काम नहीं बचा है. जनता द्वारा नकारे गए लोग हैं. इन्हें कोई क्यों मारेगा? लोग इनसे इस हद तक नाराज हैं कि इन्हें देखना तक नहीं चाहते. कोई इन्हें मारकर अपनी ऊर्जा बर्बाद नहीं करेगा. इन्हें शहीद बनने का शौक चढ़ा हुआ है. ये सोचते हैं कि ऐसी बातें बोलेंगे तो लोगों की सहानुभूति मिलेगी, लेकिन इन्हें सहानुभूति देने वाला भी कोई नहीं दिख रहा है.

उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं कि एक पार्टी में राम हैं और दूसरी पार्टी में सनातन है, तो क्या उससे वे सनातनी हो गए? कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश संविधान के तहत दिया गया था क्या? क्या संविधान में लिखा है कि कारसेवकों पर गोली चला दो? यह बिल्कुल गलत है. ये लोग आंतरिक और मानसिक रूप से दूषित सोच रखते हैं. जनता ऐसे व्यवहार की सजा इन्हें लगातार दे रही है और आगे भी देती रहेगी.

–

केके/एबीएम