
नई दिल्ली, 9 नवंबर . भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस ‘सूरत’ ओमान के मस्कट पहुंचा है. यह युद्धपोत यहां एक महत्वपूर्ण सैन्य अभ्यास करने जा रहा है. यह दोनों देशों के बीच होने वाला 15वां द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बह्र’ है. इस अभ्यास के बाद भारतीय नौसेना और ओमान की रॉयल नेवी संयुक्त रूप से समन्वित समुद्री गश्त (कॉरपैट) भी करेंगी.
नौसेना के मुताबिक इस अभ्यास का मकसद दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच आपसी तालमेल बढ़ाना, ऑपरेशनल अनुभव साझा करना और समुद्री अभियानों में एक-दूसरे के साथ बेहतर तरीके से काम करने की क्षमता विकसित करना है. अभ्यास के दौरान बंदरगाह और समुद्र, दोनों चरणों में कई सैन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इनमें दोनों देशों के नौसैनिक एक-दूसरे के युद्धपोतों का दौरा करेंगे, परिचालन से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे और खेल गतिविधियों में हिस्सा लेंगे. इन गतिविधियों से दोनों नौसेनाओं के जवानों और अधिकारियों को अपने अनुभव और कार्यप्रणाली साझा करने का अवसर मिलेगा. साथ ही, वे एक-दूसरे की क्षमताओं और काम करने के तरीकों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे.
रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि आईएनएस सूरत का मस्कट पहुंचना भारत और ओमान के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत समुद्री संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम है. यह यात्रा भारत सरकार की ‘महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) की सोच के अनुरूप है. इस मौजूदा पहल से पहले 24 नवंबर 2025 को संयुक्त सैन्य सहयोग समिति की 13वीं बैठक आयोजित की गई थी. इस बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर बनी सहमति को भी नई गति मिलेगी.
बता दें कि नौसेना विभिन्न देशों के साथ लगातार संयुक्त अभ्यास करती आ रही है. बीते दिनों भारत का स्वदेशी स्टील्थ युद्धपोत आईएनएस सह्याद्रि बहुराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास ‘मलाबार-2026’ में हिस्सा लेने के लिए जापान में था. यह गाइडेड मिसाइलों से लैस स्टील्थ फ्रिगेट व भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े का हिस्सा है. आईएनएस सह्याद्रि 4 नवंबर को जापान के योकोसुका नौसैनिक अड्डे पर पहुंचा था. यहां नौसैनिक अभ्यास ‘मालाबार 2026’ में भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाओं हिस्सा लिया है.
चारों देशों की नौसेनाओं ने इस अभ्यास के दौरान समुद्र में आपसी तालमेल, युद्धक संचालन की क्षमता और साझा रणनीतियों को और मजबूत किया. जापान पहुंचने पर आईएनएस सह्याद्रि का जापान की समुद्री आत्मरक्षा बल ने गर्मजोशी से स्वागत किया था. इस मौके पर योकोसुका जिले के कमांडेंट वाइस एडमिरल यागी कोजी और भारतीय मिशन के उप प्रमुख आर. मधु सुदन भी मौजूद रहे.
–
जीसीबी/डीकेपी