
नई दिल्ली, 9 नवंबर . भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने तथा सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की.
बैठक के बाद सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, “मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ शानदार मुलाकात हुई. हमने भारत-अमेरिका संबंधों को आगे बढ़ाने और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की. इस सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने को लेकर उत्साहित हूं.”
वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उन्होंने और अमेरिकी राजदूत ने भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया.
सिंधिया ने ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, “अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर से मिलकर खुशी हुई. हमने द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने और भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के रास्तों पर चर्चा की.”
पिछले महीने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो आधिकारिक दौरे पर भारत आए थे. इस दौरान उन्होंने मुंबई में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की.
रुबियो और जयशंकर के बीच हुई बातचीत में भारत-अमेरिका संबंधों को और आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया. साथ ही दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा किए.
बैठक के बाद जयशंकर ने ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, “मुंबई में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात कर खुशी हुई. हमने व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, रक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत बनाने पर चर्चा की. इसके अलावा क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विचार साझा किए.”
मार्को रुबियो ने भी बताया कि उनकी और जयशंकर की बातचीत में ऊर्जा सुरक्षा और रक्षा सहयोग प्रमुख विषय रहे. इस बैठक में विदेश सचिव विक्रम मिस्री, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे.
रुबियो ने ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, “मुंबई में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ मेरी चर्चा ऊर्जा सुरक्षा और रक्षा सहयोग पर केंद्रित रही. साथ ही हमने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के महत्व की भी पुष्टि की.”
इसके अलावा, मार्को रुबियो, एस. जयशंकर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान ने मुंबई में एक त्रिपक्षीय बैठक भी की. इस बैठक में ऊर्जा, कनेक्टिविटी और मौजूदा वैश्विक व क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया.
जयशंकर ने ‘एक्स’ पोस्ट पर कहा, “यूएई के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद तथा अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ त्रिपक्षीय बैठक हुई. ऊर्जा, कनेक्टिविटी और वर्तमान वैश्विक घटनाओं पर उपयोगी चर्चा हुई.”
–
एवाई/डीकेपी