
रांची, 10 नवंबर . आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय और सीबीआई जांच की मांग को लेकर मंगलवार को भाजपा ने रांची में मशाल जुलूस निकाला. पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता समीर उरांव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से जुलूस निकाला, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा. यहां कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राज्य सरकार से मामले में जवाबदेही तय करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की.
इस दौरान समीर उरांव ने आरोप लगाया कि झारखंड में सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले आदिवासी भाई-बहनों की लगातार हत्या हो रही है. उन्होंने कहा कि निशा भगत आदिवासी समाज के अधिकारों, संस्कृति, परंपरा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही थीं. वह धर्मांतरण, आदिवासी जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और जमीन दलालों के खिलाफ आवाज उठा रही थीं.
उन्होंने अपनी सुरक्षा और उत्पीड़न को लेकर भी सार्वजनिक रूप से चिंता जताई थी. उरांव ने कहा कि निशा भगत की मौत को सामान्य घटना मानकर मामले को दबाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी. उनके परिजनों के आरोपों, अंतिम वीडियो और पहले की गई शिकायतों सहित सभी पहलुओं की जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि परिवार और आदिवासी समाज की शंकाओं को दूर करने के लिए मामले की स्वतंत्र सीबीआई जांच जरूरी है.
पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि संध्या टोप्पो, रूपा तिर्की, सूर्या हांसदा और सोमा उरांव से जुड़े मामलों ने आदिवासी समाज के मन में कई सवाल खड़े किए हैं. सरकार की जिम्मेदारी है कि इन मामलों में जवाबदेही तय हो और पीड़ित परिवारों को न्याय मिले. उन्होंने यह भी जानने की मांग की कि निशा भगत की शिकायतों पर समय रहते क्या कार्रवाई की गई थी.
भाजपा नेताओं ने कहा कि जब तक निशा भगत की मौत के मामले की सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद कराने की घोषणा भी की. मशाल जुलूस में भाजपा के रांची महानगर जिला के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए.
–
एसएनसी/डीकेपी