
मुंबई, 11 नवंबर . राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके सरकारी आवास ‘वर्षा’ में मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच यह बैठक दोपहर करीब 12:30 बजे हुई.
सूत्रों के अनुसार, दीपावली के अवसर पर हुई इस मुलाकात को शिष्टाचार और सद्भावना भेंट बताया जा रहा है. हालांकि, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर जारी चर्चाओं के बीच इस बैठक को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
बता दें कि मुख्यमंत्री से मुलाकात से एक दिन पहले सुनील तटकरे ने सुनेत्रा पवार के साथ करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा की थी. लगातार हो रही इन राजनीतिक बैठकों ने महाराष्ट्र की राजनीति में नए कयासों को जन्म दे दिया है.
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर अटकलें तेज हैं. हाल ही में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि दोनों गुट स्वतंत्र राजनीतिक दल हैं और वे अपने फैसले खुद लेने के लिए स्वतंत्र हैं.
सीएम फडणवीस ने कहा था कि यदि एनसीपी के दोनों गुट विलय को लेकर कोई निर्णय लेते हैं तो वे एनडीए के प्रमुख सहयोगी होने के नाते गठबंधन को भरोसे में जरूर लेंगे. उन्होंने यह भी कहा था कि इस विषय पर अभी तक उनकी ओर से कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है.
विलय की चर्चाओं को उस समय और बल मिला जब एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने हाल ही में एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की. इसके बाद सुनील तटकरे के बयानों ने भी राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी.
तटकरे ने हाल ही में दावा किया था कि यदि अजित पवार जीवित होते तो एनसीपी के दोनों गुटों का विलय इसी वर्ष फरवरी में हो गया होता. उन्होंने कहा था कि विलय को लेकर बातचीत हो चुकी थी और इसकी रूपरेखा भी तैयार कर ली गई थी.
हालांकि, एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने इन दावों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि अब विलय की बात करने वाले नेता पहले इसके खिलाफ क्यों थे. उन्होंने संकेत दिया था कि इसके पीछे राजनीतिक और संगठनात्मक कारण हो सकते हैं.
सुनील तटकरे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ताजा मुलाकात के बाद एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के भविष्य और दोनों गुटों के रिश्तों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
–
एएमटी/डीकेपी