पीएम मोदी आज करेंगे ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन, विकास को मिलेगी नई रफ्तार; एनडीए नेताओं ने बताया ऐतिहासिक दिन

वैशाली (बिहार), 21 नवंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोेदी शनिवार को बिहार के दौरे पर हैं. इस दौरान वह बहुप्रतीक्षित ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री के दौरे और इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर बिहार में उत्साह का माहौल है. एनडीए के नेताओं ने इसे राज्य के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है. उनका कहना है कि इस पुल के शुरू होने से उत्तर बिहार और पटना के बीच आवागमन आसान होगा तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी. वहीं, स्थानीय लोगों ने भी पुल के निर्माण पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा.

बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन को लेकर प्रदेश के लोग काफी उत्साहित हैं. एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री का बिहार के प्रति स्नेह और विकास के प्रति उनका संकल्प एक बार फिर दिखाई देगा. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए काम कर रही हैं.

मंत्री शीला कुमारी मंडल ने भी प्रधानमंत्री के आगमन को गौरव का क्षण बताया. उन्होंने कहा कि यह बिहार के लोगों के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री राज्य को इतनी बड़ी सौगात देने आ रहे हैं. नीतीश सेतु का उद्घाटन प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप अपने संसदीय क्षेत्र और पूरे बिहार के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यही वजह है कि आज उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष के संसदीय क्षेत्र में प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन को आने वाले समय में धरातल पर साकार होते हुए देखा जा सकेगा.

भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि यह बिहार की विकास यात्रा में एक ऐतिहासिक दिन है. एनडीए सरकार के कार्यकाल में अब तक हुए विकास कार्यों को और गति देने के लिए आज नए रोडमैप की नींव रखी जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी विकास संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए बिहार पहुंचे हैं.

वहीं, भाजपा सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि बिहार की समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. उन्होंने नीतीश सेतु को उत्तर बिहार के लोगों के लिए जीवनरेखा बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में आवागमन की बड़ी समस्या दूर होगी.

नीतीश सेतु को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह है. लोगों का कहना है कि पुल बनने से पटना पहुंचना पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगा. अब उन्हें हाजीपुर होकर लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा और वे सीधे पुल के रास्ते आवागमन कर सकेंगे.

एक स्थानीय निवासी ने कहा कि पहले लोगों को नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता था. कई बार नाव से यात्रा करना जोखिम भरा होता था और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था. अब सड़क मार्ग से आवागमन की सुविधा मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

एक अन्य स्थानीय निवासी ने कहा कि इस पुल से आम लोगों को काफी सुविधा होगी. पटना जाने के साथ ही रोजमर्रा के कामों और अन्य जरूरतों के लिए यात्रा करना आसान हो जाएगा.

स्थानीय लोगों ने बिहार में महिलाओं के लिए शुरू की गई सरकारी योजनाओं और उनके सामाजिक सशक्तीकरण की भी सराहना की. एक महिला निवासी ने कहा कि सरकार की योजनाओं से महिलाओं को घरों से बाहर निकलने और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला है.

–

एसएके/पीएम