दिल्ली: नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में युवक की चाकू मारकर हत्या, जांच जारी

नई दिल्ली, 28 अप्रैल . दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल थाना क्षेत्र में हत्या की एक घटना सामने आई है. यह मामला दिल्ली के काली माता मंदिर के पास, एफ-ब्लॉक भोरगढ़ फेज-2 इंडस्ट्रियल एरिया का है, जहां एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी.

घटना सोमवार की है. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची. घटनास्थल पहुंचने पर पुलिस को एक युवक जमीन पर बेहोशी की हालत में मिला, जिसके शरीर पर चाकू से किए गए कई गंभीर घाव थे. जांच के बाद उसकी पहचान मयंक के रूप में हुई, जो 19 वर्ष का था और सतीश का पुत्र था. वह चौहान वाली गली गांव भोरगढ़ नरेला दिल्ली का रहने वाला था.

पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को एसआरएचसी अस्पताल भेज दिया गया है, जहां आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी.

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज इस केस में सभी संभावित एंगल से जांच शुरू कर दी गई है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए कई विशेष टीमें बनाई गई हैं. ये टीमें अलग-अलग दिशा में जांच कर रही हैं और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें.

फिलहाल पुलिस ने इसे संदिग्ध हत्या का मामला मानते हुए जांच तेज कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं. इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके.

एसएचके/वीसी