महाराष्ट्र : मंत्री प्रताप सरनाईक पहुंचे बस स्टैंड, अव्यवस्था और गदंगी को देखकर अधिकारियों को लगाई फटकार

मुंबई, 30 अप्रैल . महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक गुरुवार को अचानक इंद्रापुर बस स्टैंड पहुंचे, जहां उन्होंने यात्रियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया. साथ ही, वहां मौजूदा अव्यवस्था की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई.

उन्होंने सख्त लहजे में संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यह मैं आखिरी मौका दे रहा हूं. अगर फिर मुझे निकट भविष्य में इस तरह की अव्यवस्था देखने को मिली, तो मैं कड़ी कार्रवाई करने में किसी भी प्रकार परहेज नहीं करूंगा. मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि इस तरह की स्थिति को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा. इस तरह की स्थिति मुझे दोबारा नहीं दिख जानी चाहिए. आप लोग खुद को सुधार लीजिए.

मंत्री ने कहा कि बस स्टैंड पर इस तरह के अव्यस्थित माहौल की वजह से यात्रियों सहित अन्य लोगों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता है. ऐसी स्थिति में हमारे लिए यह जरूरी हो जाता है कि हम बस स्टैंड पर अव्यस्था को ठीक करने की दिशा में यथाशीघ्र कदम उठाएं और इसके लिए संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी तय करनी होगी.

मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि मैं संबंधित अधिकारियों को मौका दे रहा हूं. अगर तय समय तक अधिकारियों ने अपने व्यवहार में सुधार नहीं किए, तो मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

बता दें कि मंत्री के अचानक दौरे से संबंधित अधिकारियों के बीच खलबली मच गई. सभी के मन में यही सवाल उठने लगे कि आखिर मंत्री हमारे बीच क्यों आए हैं? आखिर उनके आने का मकसद क्या है? इसके बाद जैसे ही मंत्री ने बस स्टैंड की मौजूदा अव्यवस्था और गंदगी पर नाराजगी जाहिर की, तो मौके पर मौजूद सभी अधिकारी सकते में आ गए.

एसएचके/एबीएम